झुंझुनूं में भी लोक परिवहन बसों का विरोध, चक्का जाम जारी

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 06 अक्टूबर 2016, 11:13 AM (IST)

झुंझुनूं। जयपुर डिपो में लोक परिवहन सेवा के तहत संचालित बसों की एंट्री के आदेशों का असर पूरे राजस्थान में देखने को मिल रहा है। अधिकतर जगहों पर रोडवेज कर्मचारी हड़ताल पर चले गए हैं। जिससे चक्का जाम हो गया है। यह चक्का जाम बेमियादी या फिर सांकेतिक फिलहाल इससे पर्दा नहीं उठा है। यह साफ है कि रोडवेजकर्मी किसी भी सूरत में लोक परिवहन सेवा के तहत संचालित बसों को डिपो में नहीं घुसने देने के लिए अडिग हैं।

बसें अड़ा कर चक्का जाम

प्रदेशव्यापी आह्वान पर गुरुवार को झुंझुनूं में भी रोडवेजकर्मी हड़ताल पर चले गए और बसों को डिपो और डिपो के बाहर लगाकर चक्का जाम कर दिया। शाम तक कर्मचारी फैसला करेंगे कि आगे की रणनीति क्या होगी। फिलहाल कर्मचारी अपनी मांगों पर अड़े हैं। वहीं कोर्ट के आदेशों का हवाला देते हुए सरकार भी जल्द से जल्द इन बसों का डिपो से संचालन कराने के लिए कोशिशें कर रही है।