बच्चों के पूर्ण मानसिक स्वास्थ्य के लिए शिक्षक महत्वपूर्ण स्तंभ

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 05 अक्टूबर 2016, 9:21 PM (IST)

बीकानेर। विश्व मानसिक स्वास्थ्य सप्ताह के अंतर्गत बुधवार को शिव किशन मिंडाराम दम्मानी, गवर्नमेंट इंस्टीट्यूट ऑफ मेन्टल हेल्थ, ऐलाइड एंड, न्यूरोसाइंसेज बीकानेर में स्कूल मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ शिक्षा विभाग के संयुक्त निदेशक विजय शंकर आचार्य, विभागाध्यक्ष डॉ. के.के. वर्मा तथा आचार्य डॉ. अशोक सिंघल ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में अभिभावकों, शिक्षकों, प्रधानाध्यापकों तथा आमजन ने भाग लिया।

संयुक्त निदेशक विजय शंकर आचार्य ने कहा कि बच्चे के जन्म के बाद माता-पिता के अलावा शिक्षक ही वह तीसरा व्यक्ति है, जो बच्चे के भविष्य की दिशा व दशा को निर्धारित करता है, उसी के सान्निध्य में बच्चे का शारीरिक व मानसिक विकास अपने चरम को फलीभूत होता है। उन्होंने सुझाव दिया कि परीक्षाओं से पूर्व बच्चों में होने वाले तनाव को कम करने के लिए मनोरोग चिकित्सा एवं नशामुक्ति विभाग द्वारा समय-समय विद्यालयों में संगोष्ठी का आयोजन किया जाए। इसमें शिक्षा विभाग सहयोग देगा। इस पर विभागाध्यक्ष डॉ. के.के. वर्मा ने प्रतिबद्वता जाहिर की कि वे परीक्षा से पूर्व शिक्षण संस्थाओं में जाकर बच्चों के साथ परीक्षा तनाव पर संवाद स्थापित करने का प्रयास करेंगे।

सहायक आचार्य डॉ. अनंत राठी ने बच्चों में अवसाद (डिप्रेशन) की बढ़ती संख्या, उनके कारणों और लक्षणों के बारे में बताया तथा बच्चों में आत्महत्या की प्रवृति और उपचार के बारे में अध्यापकों एवं अभिभावको से चर्चा की। उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य विषय को बच्चों के शिक्षा पाठ्यक्रम में समाहित करने की जरूरत बताते हुए कहा कि मानसिक स्वास्थ्य हर बच्चे का मौलिक अधिकार है, जिसे देना परिवार समाज और स्कूल की जिम्मेदारी है। इसके साथ ही सहायक आचार्य डॉ. हरफूल सिंह विश्नोई तथा डॉ. श्रीगोपाल गोयल ने अपने विचार रखे।