जोधपुर। नवरात्रि महज आस्था-धर्म और कर्म ही नहीं बल्कि हमारे अस्तित्व का भी आधार है। बुधवार को जोधपुर के गणेशीलाल उस्ताद मिनी ऑडिटोरियम में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग और संभली ट्रस्ट की साझा मेजबानी में नारी को अबला के दायरे से बाहर लाने के लिए प्रयासरत स्वयंसेवी संगठनों ने कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अवसर पर जिला कलेक्टर विष्णु चरण मल्लिक ने कहा कि स्वयंसेवी संगठन सरकार की योजनाओं को धरातल तक पहुंचा रहे हैं और ये प्रयास विकास कार्यों में अहम साबित हो रहे हैं।
समारोह में संभली ट्रस्ट के निदेशक गोविंद सिंह राठौड़ ने विकास कार्यों को पटल पर रखा। साथ ही सरकार से जुड़ी विविध योजनाओं के बारे में भी महिलाओं को बताया, जिससे उनके आर्थिक सुदृढ़ीकरण, स्वावलंबन और मनोबल को बढ़ाया जा सके। राठौड़ ने कहा कि घूंघट से बाहर निकल नारी अब शक्ति का स्वरूप बन चुकी है और सामाजिक उत्थान में महिलाएं पुरुषों के बराबर योगदान दे रही हैं।
नारी है सृष्टि की शक्ति
कार्यक्रम में संभली ट्रस्ट की विदेशी वॉलियनटर्स ने हम होंगे कामयाब समूह गान गाया और महिलाओं के प्रोत्साहन के लिए नेत्रहीन विद्यालय की सुशीला बोहरा और मीरा संस्था कीे आशा बोथरा ने भी अपने जीवन के अनुभव महिलाओं के साथ बांटे। इसके अलावा नन्ही बालिकाओं ने समूह नृत्य पेश किया और संभली से जुड़े उन संस्थानों को सम्मानित किया गया जो अपने उद्देश्यों पर खरे उतरे। कार्यक्रम में महिला और बाल विकास विभाग के उपनिदेशक मोहन पंवार, सामाजिक न्याय और अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक सुआ लाल पहाडिय़ा , चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के अध्यक्ष राजेंद्र चावड़ा भी मौजूद रहे।