टोंक। राजस्थान राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष मनन चतुर्वेदी ने कहा हैं कि समाज में वर्तमान समय में संस्कारों में गिरावट ही बच्चों की दुर्दशा का मुख्य कारण है। उन्होने कहा कि मासूमों को कम उम्र में श्रम, बंधुआ मजदूरी, घरेलु हिंसा, यौन शौषण, सहित अन्य तरीकों से प्रताडित किया जाता है जिससे उनकी मासूमियत छीन ली जाती है। अध्यक्ष मनन चतुर्वेदी बुधवार को जिले के मालपुरा कस्बा में पंचायत समिति के अटल सेवा केन्द्र में अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं स्वयसेवी संस्थान प्रतिनिधियों की बैठक में बोल रही थी,जिन्होंने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से ऐसे बच्चों को राहत देने का प्रयास किया जा रहा है । उन्होंने कहा कि सभी को मिलकर ऐसे सामूहिक प्रयास करने चाहिए जिससे बच्चों की स्थिति में सुधार हो सके ताकि उनकी मुस्कुराहट लौटाई जा सके।
बैठक में चतुर्वेदी ने बीईईओं राधेश्याम जाट से इस सत्र में नामांकन व ड्रॉप आउट की जानकारी ली जिसमें सामने आया कि अनिवार्य शिक्षा के तहत नए नियमों के चलते तो नामांकन में गिरावट दर्ज की गई है लेकिन प्रवेशोत्सव सहित अन्य प्रयासों से नामांकन में वृद्धि दर्ज की गई है। चुतर्वेदी ने बीईईओं से ड्रॉप आउट की जानकारी ली तथा कारण पूछा तो बताया गया कि पलायन मूल रूप से ड्रॉप आउट का कारण है जिसमें नाता प्रथा सहित परिवारों का आजीविकोपार्जन मुख्य है। पुलिस वृत्ताधिकारी रामनिवास मीणा से बाल श्रमिकों के मामले में की गई कार्रवाई की जानकारी ली गई जिसमें छह माह पूर्व की गई कार्रवाई की जानकारी दी गई। बैठक में रीण्डलिया के मनोज सैनी ने बागरिया ढाणी पीमूण में हालातों की जानकारी देते हुए बच्चों एवं परिवारों से हो रहे भेदभाव, योजनाओं से लाभान्वित नहीं होने का मामला उठाया वहीं देशमा सरपंच हरिनारायण गुर्जर ने आंगनबाडी केन्द्रों के नियमित रूप से नहीं खुलने तथा कागजों में पोषाहार बांटे जाने का मामला उठाया।
आयोग अध्यक्षा ने आश्चर्य व्यक्त करते हुए अधिकारियों सेपूछा तो एसडीएम
सुखराम खोखर ने इस दिशा में सार्थक प्रयास करने का विश्वास दिलाया। नगर
सरपंच रामजीलाल टेलर ने क्षेत्र में बंधुआ मजदूरी, होटलों एवं रेस्टोरेंटो
पर बाल मजदूरी एवं नाता प्रथा को इसके लिए जिम्मेदार बताया। टेलर ने
आंगनबाडी केन्द्रों पर पोषाहार का महत्वहीन उपयोग किए जाने की जानकारी देकर
सदन को चौंका दिया जिसमें पोषाहार को पशुओं के उपयोग में लेने की जानकारी
शामिल थी। प्रधानाचार्य गिरधर सिंह ने ग्रामीण क्षेत्र से उच्च अध्ययन के
लिए आने वाले बच्चों को भय मुक्त करने के लिए मनोचिकित्सकों का शिक्षण
संस्थाओं में भ्रमण, पाठयक्रम में बाल अधिकारों को शामिल करने का सुझाव
दिया। चतुर्वेदी ने बताया कि 0 से 18 वर्ष तक के सभी बच्चों के लिए जिन्हें
बंधुआ मजूदरी, अनाथ, गरीबी, श्रम, पारिवारिक कारणों से शिक्षा व अन्य
अधिकारों से वंचित रहना पड रहा है के लिए विभिन्न योजनाएं लागू की गई है
जिनसे जोडकर उन्हें समाज की मुख्यधारा में लाने का सामूहिक प्रयास करने की
जरूरत है। बैठक में बाल कल्याण समिति टोंक के सदस्य राजूलाल गुर्जर, विकास
अधिकारी भूराराम, थानाधिकारी उदय सिंह, प्रधानाचार्य गिरधर सिंह, एडवोकेट
कन्हैया लाल सैनी, राजपुरा सरपंच रामवतार शर्मा, कांटोली सरपंच ब्रजेश
गुर्जर सहित अन्य मौजूद रहे।