मद्रास। मद्रास हाईकोर्ट ने एक जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए तमिलनाडु राज्य के संबंधित अधिकारियों को बुधवार तक राज्य की मुख्यमंत्री जयललिता के स्वास्थ्य के बारें मे जानकारी देने के लिए कहा है। आपको बता दें कि सोमवार को सीएम जयललिता के बारे में जानकारी देने की मांग को लेकर मद्रास हाईकोर्ट में एक जनहित याचिका दायर की गई थी।
जयललिता को बुखार और डीहाइड्रेशन की शिकायत पर 22 सितंबर को अपोलो
अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें देखने के लिए ब्रिटिश डॉक्टरों को
भी बुलाया गया था। इस सबके बीच सामाजिक कार्यकर्ता ट्रैफिक रामास्वामी ने
हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी। उनके मुताबिक राज्य की जनता जयललिता के
स्वास्थ्य के बारे में जानना चाहती थी।
उन्होंने अस्पताल में जयललिता के साथ कैबिनेट की बैठक की तस्वीरें जारी करने को लेकर निर्देश देने का भी आग्रह किया था। याचिका के मुताबिक राज्यपाल सी विद्यासागर राव और केंद्रीय मंत्री पी राधाकृष्णन ने तमिलनाडु की मुख्यमंत्री से अस्पताल में मुलाकात की, लेकिन जया की सेहत के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। रामास्वामी ने साथ ही यह आरोप भी लगाया कि अस्पताल जाने वाली सडक़ को पुलिस ने बंद कर दिया है। इससे आमलोग इलाज कराने के लिए अस्पताल नहीं जा पा रहे हैं।