सरकार की योजनाओं का उठाएं लाभ - जलदाय मंत्री

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 03 अक्टूबर 2016, 9:08 PM (IST)

राजसमन्द। राजसमन्द के लिए रविवार का दिन ऐतिहासिक रहा है। जब स्वच्छ भारत अभियान के तहत मुख्यमंत्री आदर्श ग्राम पंचायत भाणा और सांसद आदर्श ग्राम पंचायत तासोल को शौचमुक्त घोषित कर दिया गया। इस मौके पर गौरव यात्रा भी निकाली गई और स्वच्छता का संदेश सभी को दिया गया। भाणा में हुई गौरव यात्रा को संबोधित करते हुए जलदाय मंत्री किरण माहेश्वरी ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादूर शास्त्री की जयंती पर पंचायतों का खुले में शौच मुक्त घोषित होना गर्व की बात है। उन्होंने भाणा ग्राम पंचायत को ओडीएफ घोषित करवाने में स्कूली बालिकाओं के महत्वपूर्ण योगदान पर कहा कि अब ग्रामवासियों की जिम्मेदारी और बढ़ गई है कि वे शौचालयों का नियमित उपयोग करें। साथ ही जलदाय मंत्री ने ग्राम पंचायत को पाॅलिथीन मुक्त करने की दिशा में ग्रामीणों को पाॅलिथीन काम में नहीं लेने की शपथ भी दिलाई।

जहां समारोह में जलदाय मंत्री ने भाणा गांव के लिए कई घोषणाएं भी की। इस दौरान जलदाय मंत्री ने भाणा ग्राम पंचायत में भगवान दा, वासोल की भील बस्ती में सामुदायिक भवन निर्माण, लवाणा भील बस्ती में सामुदायिक भवन, भाणा सामुदायिक भवन विस्तार के लिए 10 लाख रूपये देने की घोषणा विधायक मद से की। साथ ही गांव में 25 लाख रुपए की सीसी सड़क और 15 लाख रुपए का बकाया कार्य जल्द पूरा करने की बात कही। जलदाय मंत्री ने कहा कि भाणा में 60 लाख रुपए की लागत से ग्रामीण गौरव पथ का कार्य भी स्वीकृत किया गया है। वहीं ग्राम पंचायत को शौचमुक्त घोषित होने और जलदाय मंत्री की ओर से की गई कई घोषणाओं पर ग्रामीणों ने ख़ुशी जताई। वही स्कूली छात्र छात्राओं ने गांव में रैली निकालकर स्वच्छता का संदेश दिया।

समारोह में जिला कलक्टर अर्चना सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश को मार्च 2019 तक खुले में शौचमुक्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। मुख्यमंत्री ने राजस्थान को एक वर्ष पूर्व 31 मार्च 2018 तक खुले में शौच मुक्त घोषित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। ऐसे में प्रदेशवासियों को स्वयं आगे आकर इसके लिए प्रयासरत होना होगा। इसे लेकर उन्होंने गांव उन्होंने गांव में निकाली गौरव यात्रा को लेकर कहा कि अब जिले में हर माह ऐसी गौरव यात्रा निकलेगी और सभी पंचायतों में गौरव यात्रा निकालने की कोशिश रहेगी।

गौरव यात्रा में जिला प्रमुख प्रवेश कुमार सालवी, उपजिला प्रमुख सफलता गुर्जर, पूर्व विधायक बंशीलाल खटीक, प्रधान रीना कुमावत, सरपंच भाणा भैरूलाल, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सी.आर.मीणा, एसीइओ गोविन्दसिंह राणावत, प्रधान देवगढ, भीम, रेलमगरा, कुम्भलगढ, नगरपरिषद सभापति सुरेश पालीवाल, नाथद्वारा नगरपालिका अध्यक्ष लालजी मीणा सहित सरपंच, जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य, जनप्रतिनिधि और अधिकारीगण के साथ ग्रामीण मौजूद रहे।