मां की ममता ने नहीं मानी हार

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 03 अक्टूबर 2016, 5:07 PM (IST)

टोंक। शिक्षा का मोल अनमोल है और इसे जो समझ जाए। वो हर मुश्किल में शिक्षा को अपनाने की कोशिश करता है। ऐसा ही है गलोद पंचायत के किशनपुरा गांव में रह रही जगदीशी बाई के साथ। जो शिक्षा का मोल समझने के बाद अब अपने बच्चों को शिक्षित करने की तमन्ना रखती है। फिर भले ही उसे कितनी ही मशक्कत क्यों ना करनी पड़े। महिला की जानकारी के मुताबिक पहले 15 साल की उम्र में उसकी शादी लावा के सीताराम के साथ कर दी गई। जिसके बाद उसे चार बेटियों के होने चलते पति ने उसके साथ जानवर जैसा व्यवहार करना शुरू कर दिया। एकबारगी तो उसके मन में सुसाइड करने का भी ख्याल आया। लेकिन बाद में मां की ममता ने उसे जिंदगी दी और उसने बच्चों को पढ़ाने का बीड़ा उठाया। मां की ममता का धैर्य ही था। कि आज वो अपनी चार बेटियों और एक बेटे को पढ़ाने के साथ रोजी रोटी के लिए जिंदगी जीने की मशक्कत कर रही है। आज पीड़ित महिला कहती है कि उसका ये हाल नाबालिग उम्र में शादी करने के चलते हुआ। लेकिन अब वो अपनी बेटियों की शादी 18 साल से पहले नहीं करने की बात भी कहती है। ताकि उनके साथ ऐसा कुछ नहीं हो। ये सब सामने आया कुरेड़ा की माता के मंदिर में रात्रि चौपाल के तहत हुए लाडली अभियान के आयोजन में। आयोजन के दौरान ग्रामीणों को बाल विवाह के दुष्परिणाम और स्वच्छ भारत अभियान के महत्व के बारे में बताया गया। इससे पहले कारवां दल डोडवाडी और अन्य ग्राम पंचायतों में भी पहुंचा। जहां डोडवाडी सरपंच अनीता भील, सचिव बलबीर सिंह ने उनका शानदार स्वागत किया। इस दौरान नुक्कड़ नाटक और अन्य कार्यक्रमों के जरिए भी लोगों को जागरुक किया गया।