बारामूला में फियादीन हमला,2आतंकी मरे

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 02 अक्टूबर 2016, 11:46 PM (IST)

बारामुला। उरी हमले केबाद एक बार फिर आतंकवादियों ने भारतीय सेना के कैम्प पर हमला कर दिया है। जम्मू-कश्मीर के बारामूला सेक्टर में रविवार रात को आतंकियों ने राष्ट्रीय राइफल्स कैंप पर हमला कर दिया। उन्होंने कैम्प पर ग्रेनेड भी फेंका। सेना और आतंकियों के बीच फायरिंग जारी हैं। आतंकवादियों की संख्या के बारे में अभी कुछ भी कहा नहीं जा रहा है। बताया जा रहा है कि इनकी संख्या तीन से चार तक होसकती है।


जानकारी के अनुसार आतंकियों ने सेना के कैंप पर गोलीबारी करनी शुरू कर दी। सेना और आतंकियों के बीच मुठभेड़ जारी हैं। सेना ने पूरे इलाकों को अपने कब्जे में ले लिया है। कहा जा रहा है कि इसमें दो आतंकवादी मारे गए हैं। हमले में चार भारतीय सैनिक घायल हुए हैं।

सेना ने आतंकवादियों के पकडऩे के लिए सर्च ऑपरेशन चला रखा है, अंधेरा होने के चलते आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई करने में समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
गौरतलब है कि हालही में उरी में पाक आतंकियों ने हमला किया था जिसमें 18 भारतीय जवान शहीद हुए थे। उसके करीब 10 दिन बाद भारत ने पाक अधिकृत कश्मीर में एल.ओ.सी. के पार जाकर 7 आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर 38 आतंकियों को मौत के घाट उतारा था। जिसके बाद पूरे भारत में हाई अलर्ट है।


जम्मू में सीमा पर 24 घंटे से असहज शांति

जम्मू के जिलों में अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर असहज शांति बनी हुई है। प्रशासन के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में सीमा पार से कोई गोलीबारी नहीं हुई है। भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर होने के बावजूद हालांक अधिकांश सीमावर्ती इलाके के निवासी अपने घरों में रह रहे हैं, पर अखनूर और खौर गांवों के करीब १२,००० लोग सुरक्षित स्थानों पर पलायन कर गए हैं।


कठुआ और सांबा जिले के प्रशासन ने बताया कि सीमावर्ती गांवों के निवासी भी पलायन कर गए हैं। अखनूर इलाके के पल्लनवाला गांव के लोगों ने कहा कि पाकिस्तान की सेना मोर्टार दाग कर नागरिकों और तैयार फसलों से भरे खेतों को निशाना बना रहे हैं। खेत और पशु छोडक़र पलायन करने वाले अधिकांश किसानों ने कहा कि अगले १० दिनों में अगर वे अपनी सब्जी और अन्य फसल नहीं काट पाते हैं तो उन्हें अपनी सालभर की कमाई से हाथ धोना पड़ेगा। अधिकारिक सूत्रों के अनुसार, जम्मू, कठुआ और सांबा के सीमावर्ती गांवों में सभी शिक्षण संस्थान अगले आदेश तक बंद रहेंगे।