लुपिन फाउंडेशन का स्थापना दिवस मनाया

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 02 अक्टूबर 2016, 9:10 PM (IST)

भरतपुर। लुपिन फाउंडेशन का 29वां स्थापना दिवस समारोह रविवार को नगर विकास न्यास के ऑडिटोरियम में आयोजित हुआ। इसमें उत्कृष्ट कार्य करने वाले 28 लोगों एवं तीन गांवों को आदर्श गांव के रूप में सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए केन्द्रीय भवन अनुसंधान संस्थान, रूडक़ी (उत्तराखंड) के निदेशक डॉ. एन. गोपालाकृष्णन ने कहा कि ग्रामीण युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण देकर उन्हें स्वरोजगार शुरू कराने की आवश्यकता है, तभी देश की विकास दर और अधिक तेजी से बढ़ सकेगी। विशिष्ट अतिथि एवं केन्द्रीय बकरी अनुसंधान संस्थान, मथुरा के निदेशक डॉ. एम.एस. चौहान ने कहा कि गरीबी उन्मूलन के लिए बकरी पालन जैसा व्यवसाय अधिक उपयोगी माना गया है। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कलेक्टर एलएन सोनी ने की। कार्यक्रम में राजस्थान विश्वविद्यालय जयपुर के छात्र परामर्श केन्द्र के निदेशक डॉ. दीपक सक्सेना, लुपिन के अधिशासी निदेशक सीताराम गुप्ता, संस्था के मुख्य कार्यक्रम प्रबंधक जेपी सिंह, योगेश शर्मा ने विचार व्यक्त किए। इस मौके पर पूर्व सांसद पंडित रामकिशन, कुम्हेर के पूर्व प्रधान मनोज, पंचायतीराज संस्थाओं के जनप्रतिनिधि, लुपिन ग्राम विकास पंचायत अध्यक्ष व जिले के सभी क्षेत्रों के प्रगतिशील किसान व महिलाएं मौजूद थे।