शराब के पैसे नहीं देने पर छात्र की हत्या

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 02 अक्टूबर 2016, 7:31 PM (IST)

डूंगरपुर। शराब के पैसे न देने पर एक युवक की हत्या मामला सामने आया है। डूंगरपुर पुलिस ने डूंगरपुर निवासी चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चारों ने वेटेरनरी कॉलेज के छात्र प्रतापगढ़ निवासी पिंकेश सुथार की हत्या कर लाश नदी में फेंकने की बात कबूली है।
डूंगरपुर पुलिस के अनुसार ने सदर थाने में युवक के पिता रमेश चंद्र सुथार ने 8 सितंबर को गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया था। उसमें कहा कि उनका बेटा पिंकेश 6 सितंबर की रात प्रतापगढ़ से डूंगरपुर गया था। उससे अंतिम बार 6 सितंबर को रात 10 बजे बात हुई थी। दूसरे दिन उसका फोन बंद आया तो उसके दोस्तों से पूछा तो पता चला कि पिंकेश डूंगरपुर पहुंचा ही नहीं। बाद में पुलिस को 21 सितंबर को उदयपुर के ऋषभदेव में एक नदी में युवक की लाश मिलने की सूचना मिली, लेकिन पिंकेश के फोटो अन्य थानों में नहीं भेजे जाने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी। इस कारण ऋषभदेव पुलिस ने लाश को लावारिस समझ अंतिम संस्कार करवा दिया।

सदर थानांतर्गत मामले की जांच कर रहे यशवंत सोलंकी को मुखबिर की सूचना पर कुछ संदिग्ध लोगों का पता चला तो उनसे पूछताछ की। उन्होंने पिंकेश की हत्या कर लाश नदी में फेंकने की बात कही। बाद में पुलिस ने लाश का फोटो पिंकेश के पिताजी को दिखाया तो उसकी पहचान पिंकेश के रूप में हुई। लास्ट लोकेशन के हिसाब से पुलिसचार लोगों को पूछताछ के लिए सदर थाना ले आई। पूछताछ में आरोपी सचिन गोस्वामी, सोहन मीणा, नीलेश मीणा और पंकज डामोर ने बताया कि पिंकेश से शराब के लिए पैसे मांगे थे, नहीं देने पर उसे बोलेरो गाड़ी में बिठा लिया और उससे नकदी छीन कर मारपीट की। इस घटना को छिपाने के लिए उसकी हत्या कर बिना कपड़ों के लाश नदी में फेंक दी। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने वाहन चोरी सहित अन्य वारदातें भी कबूली हैं। ये चारों अय्याश प्रवृत्ति के हैं।