गांधी जयंती - आदर्श शाश्वत

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 02 अक्टूबर 2016, 3:29 PM (IST)

बीकानेर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, सर्वधर्म समभाव, सहिष्णुता के आदर्श हमेशा शाश्वत रहेंगे। अपने उत्कृष्ट कार्यों और देश सेवा से गुजरात के पोरबंदर में 2 अक्टूबर 1869 को जन्मे मोहन दास कर्मचंद गांधी ने राष्ट्रपिता का सम्मान प्राप्त किया। उन्होंने हमेशा अहिंसा की बात कही। इसलिए प्रत्येक वर्ष 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी की जयंती अहिंसा दिवस के रूप में मनाई जाती है। महात्मा गांधी ने विभिन्न धर्मों के प्रति सहिष्णुता का संदेश दिया और मानवीय गतिविधि को सभी धर्मों का नैतिक आधार तथा मानव जीवन को ईश्वर प्रदत उपहार मानते थे। उन्होंने भारत को जानने के लिए गांवों पर अधिक ध्यान देने की बात कही। साथ ही स्वदेशी वस्तुओं के महत्व को उजागर करते हुए खादी व कुटीर उद्योगों को बढ़ावा देने की बात कही। उनका मानना था कि ईश्वर हर व्यक्ति में समाहित है। गांधीजी की आस्था आत्म संयम में थी। वे अपनी उपलब्धियों का श्रेय अपने आत्म संयम एवं संयमित जीवन को देते थे। उनका कहना था कि प्रकृति और धरती माता हमारी मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति करती है, परन्तु लालच की पूर्ति नहीं कर सकती। गांधीजी ने हमेशा बुनियादी शिक्षा पर जोर दिया। उनका कहना था कि शिक्षा का लक्ष्य समाज का व्यापक कल्याण करने वाला होना चाहिए। शिक्षा दर्शन के पीछे व्यक्ति का सर्वांगीण विकास होना चाहिए। वे शिक्षा के स्वावलम्बी गुण के पक्षधर थे। वे आत्मा संबंध शिक्षा को सच्ची शिक्षा मानते थे। जो छात्रों में देश प्रेम के भाव को जागृत करती हो और स्वाभिमान के साथ जीना सिखाती हो।