आगरा। भारत के क़ानून को अभी भी पंचायतों से चुनौती मिलने का सिलसिला बदस्तूर जारी है। पंचायत में अभी तक जूता मारने, मुंह काला करने, बाल कटवाने, गांव से बाहर करने आदि के फ़रमान को आपने सुने ही होंगे। इससे आगे बढ़कर ताजनगरी आगरा में पंचायत ने एक ऐसा फ़ैसला सुना दिया जिसे सुनकर आप दंग रह जाएंगे। पंचायत ने वहां पर एक दलित युवती का गर्भपात कराने का फ़रमान सुनाया है। इस युवती के एक सवर्ण जाति के युवक से दो वर्ष से प्रेम संबंध थे। ताजनगरी में कोख ने अवैध संबंधों की चुगली कर दी, तो बात पूरे गांव में फैल गई।
युवती के परिवार के लोगों की गुहार पर पंचायत बुलाई गई, मगर पंचों ने भी दलित युवती से सवर्ण जाति के युवक की शादी की संभावना को ही नकार दिया। आख़िर में पंचों ने युवती का गर्भपात कराने और युवक से हमेशा के लिए दूर रहने का फ़रमान सुना दिया। इसके साथ ही हुक्म की तामील के लिए युवती के परिवार के लोगों के हाथ में चंद नोट भी थमा दिए गए। मामला आगरा के पिनाहट क्षेत्र के एक गांव का है।