सपा नेता ने मेट्रो को लेकर लगाई विवादित होर्डिंग, केन्द्रीय मंत्री का उड़ाया मजाक

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 02 अक्टूबर 2016, 08:30 AM (IST)

कानपुर। मेट्रो ट्रेन का श्रेय लेने की होड़ खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। सपाइयों ने तो अब विवादित होर्डिंग लगाकर केन्द्रीय मंत्री और शहर सांसद को कौवा दर्शाते हुए मजाक उड़ाया है। चार अक्टूबर को होने वाले मेट्रो शिलान्यास के श्रेय को लेकर सत्ताधारी पार्टी सपा व बीजेपी में कई दिनों से रस्साकशी चली आ रही है। सपा जिला महासचिव हाजी हसन रूमी ने कंपनी बाग चौराहे के पास एक विवादित होर्डिंग लगा दी। जिसमें केन्द्रीय शहरी विकास मंत्री वैंकेया नायडू व शहर सांसद डा. मुरली मनोहर जोशी को कौवा दर्शाया है, तो वहीं होर्डिंग में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव, शिवपाल यादव, आजम खान को मेट्रो का श्रेय दिया गया है।
विवादित होर्डिंग लगाए जाने पर बीजेपी जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र मैथानी ने इसे ओछी राजनीति करार दिया। सपा नगर अध्यक्ष हाजी फजल महमूद ने कहा कि जब बीजेपी झूठा श्रेय लेने का प्रयास करेगी तो पदाधिकारी ऐसा ही जवाब देगें।