अखिलेश यादव ने शिवपाल से छीने 2 विभाग, गायत्री को मिला परिवहन

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 01 अक्टूबर 2016, 7:46 PM (IST)

लखनऊ। सूबे के मुखिया अखिलेश यादव ने अपने 8वे मंत्रिमंडल के विस्तार में 10 मंत्रियों के विभागों को नवरात्र के पहले दिन सौप कर नए मंत्रियों को तोहफा दे दिया है। अखिलेश सरकार का यह आखिरी मंत्रिमंडल का विस्तार था जो 26 सितम्बर 2016 को किया गया था। अपने मंत्रियों को सौपे गए विभागों में अखिलेश ने शिवपाल के कुछ विभाग छीन भी लिए जिसमें समाज कल्याण और लघु सिंचाई विभाग शामिल हैं। महबूब अली को लघु सिंचाई का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। मंत्रियों के विभागों में सबसे चर्चित मंत्री गायत्री प्रजापति को परिवहन विभाग सौपा है।

वहीं समाज कल्याण विभाग शंखलाल मांझी को सौपा है। मनोज कुमार पाण्डेय को इलेक्ट्रानिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग, शिवाकांत ओझा को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, जियाउद्दीन रिज़वी को पशुधन विभाग, यासर शाह को कर एवं निबंधन व्यापार कर विभाग, रियाज अहमद को मत्स्य एवं सार्वजनिक उद्यम विभाग, रविदास मेहरोत्रा को परिवार कल्याण, मातृ एवं शिशु कल्याण विभाग, नरेन्द्र वर्मा को गन्ना विकास एवं चीनी मिलें विभाग, शंखलाल मांझी को समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण एवं सैनिक कल्याण विभाग सौपा है। वही मुख्यमंत्री अखिलेश ने अपने पसंदीदा मंत्री अभिषेक मिश्र को व्यवसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग दिया है।

शिवपाल यादव से कौन से विभाग छिनेशिवपाल यादव के पास अभी तक 14 विभाग थे। जिसमे भूमि विकास एवं जल संसाधन, परती भूमि विकास, सिंचाई, सिंचाई यांत्रिक, बाढ़ नियंत्रण, सहायता एवं पुनर्वास, राजस्व, अभाव, लोक सेवा प्रबंधन, सहकारिता, चिकित्सा शिक्षा, आयुष, समाज कल्याण और लघु सिंचाई होता है। वहीं अब इनमे से समाज कल्याण और लघु सिंचाई विभाग वापस ले लिया गया है। जबकि समाज कल्याण विभाग शंखलाल मांझी को सौंपा गया है। वहीं महबूब अली को लघु सिंचाई का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।