सब्सिडी वाला गैस सिलेंडर दो रूपए महंगा

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 01 अक्टूबर 2016, 7:24 PM (IST)

नयी दिल्ली। तेल विपणन कंपनियों ने सब्सिडी और बिना सब्सिडी वाले घरेलू गैस सिलेंडर के दाम बढा दिए हैं। आईओसीएल ने इसकी जानकारी दी है। देश की सबसे बडी तेल विपणन कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) ने बताया कि शनिवार से 14.2 किलो का सब्सिडी वाला गैस सिलेंडर 2.03 रूपये महंगा हो गया है। दिल्ली में अब यह 425.06 रूपए की जगह 427.09 रूपए का हो गया है।

इसके दाम 01 जुलाई से अब तक चार बार बढाये गये हैं। बिना सब्सिडी वाला गैस सिलेंडर भी 23.50 रूपए महंगा हो गया है। दिल्ली में इसके दाम 466.50 रूपए से बढाकर 490 रूपए प्रति सिलेंडर कर दिए गए हैं। इससे पहले 01 जुलाई, 16 अगस्त और 01 सितंबर को तीन बार में इसकी कीमत 82.50 रूपए कम हुई थी।

विमान ईंधन के दाम दूसरी बार घटाए...

विमान ईंधन के दाम लगातार दूसरी बार घटाए गए हैं। दिल्ली में 01 अक्टूबर से यह 1,795.50 रूपए प्रति किलोलीटर सस्ता हो गया है। अब यह 47,206.68 रूपए की बजाय 45,411.18 रूपए प्रति किलोलीटर हो गया है। दो बार में विमान ईंधन 3,876 रूपए प्रति किलोलीटर सस्ता हुआ है।