प्रधानमंत्री मोदी ने पहली बार पद के अनुरूप काम किया है-व्यास

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 01 अक्टूबर 2016, 5:45 PM (IST)

चित्तौडग़ढ़। कांग्रेस की पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. गिरिजा व्यास ने पाकिस्तान स्थित आतंकी शिविरों पर भारतीय सेना के सर्जिकल ऑपरेशन पर सेना व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री अब बलुचिस्तान के मामले में अंतर्राष्ट्रीय नियमों के अंतर्गत कार्रवाई कर वहां के लोगों को राहत दिलवाए हम उनके साथ है।
डॉ. व्यास ने शनिवार को पत्रकारों से बात करते हुए अपने नेता राहुल गांधी के बयान को ही दोहराते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने पहली बार पद के अनुरूप काम किया है, और इसके लिए वे उन्हें व हमारी सेना को प्रणाम करती हैं । जो विकट परिस्थितियों में भी देश की रक्षा के लिए अपना बलिदान देते हैं। साथ ही उन्होंने बलुचिस्तान के सवाल पर कहा कि प्रधानमंत्री को वहां के लोगों को पाक के अत्याचारों से मुक्ति दिलवाने के लिए अंतर्राष्ट्रीय नियमों की पालना करते हुए उन लोगों की मदद करनी चाहिए। सर्जिकल ऑपरेशन के बाद अमेरिका सहित तीस देशों के समर्थन पर उन्होंने कहा कि ये केवल ढाई वर्षों में भाजपा सरकार की कूटनीति नहीं बल्कि नेहरू के जमाने से अब तक की कूटनीति के प्रयास हैं। उन्होंने कहा कि हम सदा ही गांधीजी के अहिंसा सिद्धांत के पालक रहे हैं लेकिन जिस तरह से पाकिस्तान ने पहले पठानकोट व बद में ऊरी की घटना की है उसके बाद तो उसे मैसेज देना जरूरी था और ये ऑपरेशन कर सेना व सरकार ने उसे मैसेज दिया है कि अहिंसा को हमारी कमजोरी ना समझा जाए।
डॉ. व्यास ने हाल ही विश्व धरोहर चित्तौडगढ़़ दुर्ग को केंद्र द्वारा स्वीकृत दो करोड़ की राशि को ऊंट के मुंह में जीरा करार देते हुए कहा कि मेरे समय में संस्कृति मंत्रालय सौ करोड़ की राशि देने पर सहमत हो चुका था लेकिन वर्तमान में जो नेतृत्व है उसमें दूर दृष्टि नहीं है। इस दुर्ग के अलावा हमारी धरोहरों को सुदृढ़ करने के लिए स्वयं प्रधानमंत्री को विभिन्न मंत्रालयों की सामूहिक बैठक कर आने वाली रूकावटों को दूर करने के साथ संयुक्त राष्ट्र तथा विभिन्न देशों के राजदूतों से सम्पर्क कर अरबों रूपये की मदद ले सकते हैं।