आगरा। डॉ. भीमराव अम्बेडकर विवि के छात्र संघ
अध्यक्ष कृष्ण मणि त्रिपाठी और उसके साथी पर उपाध्यक्ष जीडी चाहर के साथियों ने
बीच सड़क पर फायरिंग की।
छात्रा को लेकर हुए विवाद के बाद छात्र नेताओं के बीच आधी रात को
खूनी संघर्ष हो गया। इसमें एक छात्र नेता के पैर में गोली लगी है, उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अंबेडकर विवि छात्र संघ अध्यक्ष कृष्ण मणि त्रिपाठी छात्र नेता दुर्गेश के साथ खाना
खाकर बाइक से आ रहा था। आरोप है कि खंदारी परिसर के बाहर सड़क पर स्कोर्पियो में
बैठे छात्र संघ उपाध्यक्ष जीडी चाहर और उसके साथियों से विवाद हुआ।
वे बाइक से
भागने लगे तो जीडी चाहर ने फायरिंग कर दी, गोली बाइक चला रहे दुर्गेश के पैर में लगी। फायरिंग करने के बाद
स्कोर्पियो से छात्र नेता भाग गए। छात्र संघ अध्यक्ष कृष्ण मणि त्रिपाठी बाइक पर
दुर्गेश को बिठाकर थाना हरीपर्वत पहुंचा, यहां से उसे एसएन ले जाकर भर्ती कराया। दुर्गेश की तबीयत बिगड़ने पर
जीजी हॉस्पिटल, संजय
प्लेस में भर्ती कराया गया है। छात्र संघ अध्यक्ष कृष्ण मणि त्रिपाठी और दुर्गेश
की तहरीर पर उपाध्यक्ष जीडी चाहर और उसके साथियों पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
छात्रा को लेकर हुआ विवाद
पिछले दिनों आरबीएस डिग्री कॉलेज के गेट पर
छात्रा को वहां खड़े युवकों ने गाड़ी में खींचने की कोशिश की थी, इससे छात्रा के कपड़े फट गए थे। इस
मामले में छात्रा ने थाना हरीपर्वत में तहरीर दी थी। पुलिस ने मामला छात्रा के दोस्तों के
बीच चल रहे विवाद को बता दिया था। इस पर छात्र संघ अध्यक्ष कृष्ण मणि त्रिपाठी
अपने साथ छात्रा को लेकर एसएसपी से मिले थे, इस मामले की जांच कराई जा रही है। जिन युवकों ने छात्रा को खींचने की
कोशिश की थी, उन
युवकों पर उपाध्यक्ष जीडी चाहर के साथ फायरिंग करने के आरोप लगाए गए हैं।