जयपुर। प्रदेश के परिवहन मंत्री यूनुस खान ने कहा है कि राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (रोडवेेज) ने आधी सदी से ज्यादा समय में अपनी सराहनीय सेवाओं से राज्य ओर राज्य से बाहर एक सम्मान का मुकाम हासिल किया है। इसलिए राज्य सरकार भी किसी हालत में निगम और इसके कर्मचारियों को किसी तरह का कोई नुकसान नहीं होने देगी। सारी आशंकाओं, सारे भय को छोड़कर सभी निगमकर्मी इस नाम को और ऊंचा बनाने और निगम की बेहतरी के लिए अग्रेसिव होकर काम करें। शनिवार को राज्य पथ परिवहन निगम के 53वें स्थापना दिवस पर आयोजित समारोह उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की कविता से टूटे हुए दिल से कोई खडा नहीं हो सकता, छोटे मन से कभी कोई बडा नहीं हो सकता का उदाहरण देते हुए उन्होंने सभी रोडवेजकर्मियों का आह्वान किया कि वे इस भय से मुक्त होकर कि रोडवेज बंद होने जा रही है, निर्भीकता से काम करेंं क्याेंकि यह बात मन में रखकर वे अपना सर्वश्रेष्ठ कार्य नहीं कर पाएंगे, जिससे निगम के समक्ष ही मुश्किलें होंगी। उन्होंने सभी रोडवेज यूनियनों का भी आह्वान किया कि उनकी सभी शंकाएं बातचीत से हल हो सकती हैं।
इस मौके पर परिवहन राज्य मंत्री बाबूलाल वर्मा ने कहा कि निगम ने पिछले दिनों अच्छी ग्रोथ हासिल की है और अब निगम प्रगति की ओर अग्रसर है। समारोह मेें वर्ष 2015-16 के दौरान विभिन्न श्रेणियों में अच्छा कार्य करने वाले 50 से अधिक अधिकारियों एवं कार्मिकों, कार्मिकों के प्रतिभावान बच्चों एवं कलाकारों को पुरस्कृत और सम्मानित किया गया। निगम की कार्यकारी निदेशक प्रशासन डॉ.प्रतिभा सिंह को ऑफरोड वाहनों को ऑनरोड करने के लिए की गई कार्यवाही, 10 स्केनिया वाहनों की खरीद, समेत बड़ी संख्या में नए वाहनों की खरीद के लिए की गई कार्यवाही के लिए सम्मानित किया गया।
समारोह में निगम के प्रबन्ध निदेशक राजेश यादव, जिला कलक्टर सिद्धार्थ महाजन एवं निगम की वित्तीय सलाहकार भी उपस्थित थीं। परिवहन मंत्री यूनुस खान ने इस अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा महिला उत्पीड़न एवं बालयौनाचार के खिलाफ चलाए जा रहे मुस्कुराहट अभियान के तहत जारी हैल्पलाइन नम्बर के स्टिकर की सराहना की। हैल्पलाइन स्टिकर एवं पोस्टर निगम की बसों एवं सभी बस स्टेण्डों पर भी चस्पा किए जाएंगे।