शहर में डेंगू और चिकनगुनिया का प्रकोप, प्रतिदिन बढ़ रही है मरीजों की संख्या

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 01 अक्टूबर 2016, 11:59 AM (IST)

गुडगांव। शहर में प्रतिदिन मौसमी बीमारियों पीडि़त लोगों की संख्या में इजाफा होता जा रहा है। शुक्रवार को शहर में डेंगू के नौ व चिकनगुनिया के 19 केस मिले है। इन केसों के सामने आने के बाद विभाग के अधिकारियों की नींद उड़ गई है। इसके अलावा संदिग्धों की संख्या में भी लगातार इजाफा हो रहा है। स्वास्थ्य विभाग में डेंगू के 9 केस और सामने आने से डेंगू पीडि़तों की संख्या बढक़र 78 हो गई है। इसमें 24 केस दूसरे राज्यों व जिलों से है। इसके अलावा संदिग्धों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। जिले में डेंगू के संदिग्ध केस 285 हैं। इसके अलावा चिकनगुनिया के 19 केस सामने आने के बाद मरीजों की संख्या बढक़र 42 हो गई है। जबकि संदिग्धों की संख्या 90 पहुंच गई है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग स्थिति कंट्रोल होने का दावा कर रहा है। बता दें कि अस्पताल में रोजाना बुखार से पीडि़त करीब 850 मरीज आ रहे हैं। फिजिशियन डॉ प्रदीप शर्मा का कहना है कि मौसम बदलने के बाद बुखार के मरीजों की संख्या में कमी आने लगी है। जल्द ही इनकी संख्या में और अधिक कमी आएगी।