विकास अधिकारी ढाई हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 30 सितम्बर 2016, 7:40 PM (IST)

भीलवाड़ा। एसीबी टीम ने शुक्रवार को जहाजपुर पंचायत समिति के विकास अधिकारी रामगोपाल वर्मा को उनके क्वार्टर पर ढाई हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

एसीबी टीम के एएसपी राजेश गुप्ता ने बताया कि विकास अधिकारी रामगोपाल वर्मा ने खजूरी गांव में बने किसान सेवा केन्द्र के बिल पास करने की एवज में खजूरी पंचायत के सचिव रामलक्ष्मण घारू से 9 हजार की रिश्वत मांगी थी। विकास अधिकारी इनमें से छह हजार रुपए पहले ही ले चुका था। शेष राशि दो हजार पांच सौ रुपए देने के लिए सचिव घारू शुक्रवार को उनके सरकारी आवास पर पहुंचा। वहां विकास अधिकारी वर्मा ने खजूरी सचिव से दो हजार पांच सौ रुपए ले लिए। उसी समय सचिव का इशारा मिलते ही एएसपी राजेश गुप्ता के नेतृत्व में पहुंची टीम ने वर्मा को पकड़ लिया।

एसीबी की इस कार्रवाई से अन्य विभागों में भी हडक़ंप मच गया। एसीबी के अधिकारी वर्मा को पूछताछ के लिए पुलिस थाने ले गए। वहां उससे पूछताछ की गई। एसीबी की टीम में एएसपी राजेश गुप्ता, कर्मी घनदान सिंह, नेमीचंद पहाडिय़ा, संजय कुमार, प्रहलाद कुमार, विनोद कुमार, हेमेन्द्र सिंह, शंकर लाल शामिल थे। एसीबी की कार्रवाई के दौरान वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई।

गौरतलब है कि विकास अधिकारी का दो दिन पहले ही सरवाड़ के लिए तबादला हो चुका था। साथी कर्मचारियों ने उसे विदाई पार्टी भी दे दी थी, लेकिन वह अपने आवास पर बैठकर कार्य निपटा रहा था।