जयपुर । गृहमंत्री गुलाब चंद कटारिया ने शहर में अनाधिकृत निर्माण एवं अतिक्रमण के समय नियुक्त संबंधित अधिकारियों के विरूद्ध कार्यवाही करने के लिये जयपुर नगर निगम के आयुक्त को निर्देश दिये। कटारीया गुरूवार को यहां कलक्ट्रेट के सभागार में आयोजित मासिक बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जयपुर शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिये कचरा डिपो स्थलों से कचरा उठाने की व्यवस्था दिन में दो बार करने का प्रयास किया जाये। कटारिया ने कहा कि जयपुर नगर निगम क्षेत्र में सफाई से जुड़े सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को पाबन्द किया जाये कि वे अपने-अपने जोन क्षेत्र में नियमित रूप से भ्रमण कर सफाई व्यवस्था का जायजा ले। उन्होंने कहा कि सफाई के लिये जिन अधिकारियों-कर्मचारियों की जिम्मेदारी है वह अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन कर सके। उन्होंने कहा कि जयपुर नगर निगम द्वारा 91 पार्षदों को अपने-अपने क्षेत्र में संबंधित विधायक की अनुंशषा से सड़क मरम्मत सहित अन्य कार्य करवाये जाने के लिए 50-50 लाख राशि के प्रस्ताव भिजवाने के लिए कहा गया है । उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि जनप्रतिनिधियों द्वारा बताये जाने वाले कार्यो को तत्परता से करें एवं उनके सुझावों को संबंधित अधिकारियों द्वारा गंभीरता से लिया जाकर उन पर अमल किया जाये। जिला प्रभारी मंत्री ने कहा कि जिले में सार्वजनिक निर्माण , जलदाय, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग, विद्युत वितरण निगम, स्वच्छ भारत मिशन सहित अन्य विभागों के तहत स्वीकृत कार्यो को गुणवत्ता के साथ समय पर पूर्ण किया जाये, इसमें किसी भी तरह की कोताही नहीं बरती जाये। उन्होंने मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान के द्वितीय चरण के तहत चिन्हित सभी जल ग्रहण एवं भू संरक्षण के कार्यो का 2 अक्टूबर को आयोजित होने वाली ग्राम सभाओं में अनुमोदन कराकर शीघ्रता से जिला परिषद को भिजवाने के निर्देश दिये। बैठक में राजस्थान विधानसभा के उपाध्यक्ष राव राजेन्द्र सिंह ने कहा कि सिंगल फेज ट्यूबवैल जो अबन्डेंट हो गये है, जलदाय विभाग द्वारा उनके पाईपो को निकालकर संबंधित ग्राम पंचायतों को सौंप दिया जाये ताकि संबंधित विधायक अपनी विधायक मद की राशि से निकाले गये पाईपों का उपयोग कर पुनः सिंगल फेस ट्यूबवैलों को चालू करवा सकेंगे जिससे ग्रामीण क्षेत्र में पेयजल की सुविधा सुलभ हो सकेगी। बैठक में जयपुर शहर सांसद रामचरण बोहरा ने कहा कि सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना के तहत जयपुर नगर निगम को सीवरेज जेटिग मशीन एवं अन्य उपकरणों के लिये जो राशि आवंटित की गयी है, नगर निगम उस राशि से 2 अक्टूबर से पूर्व उपकरण क्रय करें ताकि जयपुर शहर में 2 अक्टूबर से प्रारम्भ होने वाले विशेष स्वच्छ नगर अभियान में इन उपकरणों का उपयोग किया जा सके।