फोर्स-2 ट्रेलर : ताहिर से दबे जॉन, सोनाक्षी फीकी

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 29 सितम्बर 2016, 8:13 PM (IST)

प्रदीप सरकार की फिल्म ‘मर्दानी’ में खलनायक के रूप में नजर आए अभिनेता ताहिर भसीन एक बार फिर दर्शकों से रू-ब-रू होने जा रहे हैं। जॉन अब्राहम की फिल्म ‘फोर्स-2’ में वे खलनायक हैं। हाल ही रिलीज हुए इस फिल्म के ट्रेलर को देखने के बाद इस बात का अहसास हुआ कि एक बेहतरीन अदाकार बॉलीवुड में आया है।

खलनायकी को नए आयाम देने का प्रयास करता हुआ यह अभिनेता जॉन अब्राहम पर अभिनय में बाजी मारता नजर आ रहा है। चंद मिनटों के इस ट्रेलर में ही जॉन उनसे दबे हुए नजर आते हैं, वहीं सोनाक्षी सिन्हा को ट्रेलर में ज्यादा महत्व नहीं दिया गया है। ट्रेलर में ज्यादातर दृश्य एक्शन के हैं, जो जॉन की हर फिल्म में आम होते हैं।

दो दृश्यों में नजर आई सोनाक्षी पूरी तरह से फीकी नजर आती हैं। हालांकि यह ट्रेलर पहली बार देखने में ही यह प्रभावित करता है। फिल्म रॉ और उसके दुश्मन की कहानी है और एक्शन से भरपूर है। फिल्म का एक्शन स्टाइलिश लग रहा है।

पिछली फिल्मों की तरह इस फिल्म में भी जॉन के चेहरे पर कोई भाव नहीं हैं। उनका किरदार ही ऐसा है, जहां उन्हें सिर्फे गोलियां चलानी हैं या फिर बदमाशों को उठा-उठा कर पटकना है।

‘पांच वर्ष पूर्व मेरी बीवी मर गई थी, तब से मैं सटक गया हूं’ संवाद बोलते हुए वे अच्छे लगते हैं। फिल्म का निर्देशन अभिनय देव ने किया है।