पचपन मिनट मेंं सिमट गया सीकर का विकास

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 29 सितम्बर 2016, 7:50 PM (IST)

सीकर। शहर के विकास को लेकर नगर परिषद बोर्ड की बैठक 6 माह बाद आयोजित की गई, इतने लम्बे समय बाद आयोजित बैठक 50 पार्षद, सभापति और अधिकारियों के साथ मात्र 50 से 55 मिनट में ही पूरी होकर सिमट गई। करीब सवा तीन बजे शुरू हुई बैठक में सर्वप्रथम सदन ने उरी में शहीद हुउ सैनिकों की शहादत को नमन किया।
इसके बाद औपचारिक रूप से शुरू हुई बैठक में शुरू से ही हंगामे का दौर चला, पहला एजेंडा सभापति जीवण खां ने सीकर में बेसहारा पशुओं को लेकर नंदीशाला का रखा, जिसमें 20 लाख रूपए का प्रस्ताव सभापति ने रखा, जिस पर कांग्रेसी पार्षद चांद खां मुगल ने 30 लाख रूपए करने का सुझाव दिया, इसी दौरान नेता प्रतिपक्ष ने कमान संभालते हुए नंदीशाला के प्रोजेक्ट पर नगर परिषद की ओर से 50 लाख रूपए देने का सुझाव दिया, जिस पर सभापति ने आयुक्त से जानकारी लेकर नियमानुसार अनुदान बढ़ाने की बात कही।



इसके बाद दो नम्बर बिन्दु पर बात शुरू हुई सभापति जीवण खां ने गत बैठक में स्टेट ग्रान्ट एक्ट के तहत 506 पट्टों पर पत्रावलियों के निस्तारण पर विचार एवं निर्णय जाना, इस बिन्दू के शुरू होते ही बैठक में हंगामा होना शुरू हो गया, इस दौरान पार्षद चांद खां मुगल, मुस्ताक तंवर, पप्पू पार्षद सहित अन्य सदस्यों ने पट्टों को रोकने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। वहीं नेता प्रतिपक्ष अषोक चैधरी ने कहा कि नगर परिषद की ओर से पट्टे जारी किए जाएं लेकिन गलत पट्टों को जारी नहीं किया जाए, मामले को लेकर काफी देर तक हंगामा होता रहा।

बैठक के बाद सभापति जीवण खां ने मीडिया से वार्ता करते हुए कहा कि विपक्ष शहर का विकास नहीं चाहता है, हंगामा कर बैठक को छोड़ कर विपक्ष के लोग बाहर आ गए, सभापति ने कहा कि वे सभी को साथ लेकर शहर का विकास करना चाहते है

बैठक के दौरान सभापति जीवण खां कई बार उग्र भी हो गए, उन्होने व्यापार मण्डल के राधेश्याम पारीक को बीच बैठक में तालियां बजाने पर टोका, साथ ही एक अन्य के चलती बैठक में बीच में आने पर नाराजगी जताई और उसे सदन से बाहर करने की बात कही। बैठक के दौरान पार्षदों ने कई प्रस्ताव सभापति को लिखित में भी सौंपे जिनमें प्रमुख रूप से नंदीशाला की राशि बढ़ाने, मारू पार्क को पीपीपी मोड पर देकर विकास कराने, माधव विहार योजना का निपटारा राज्य सरकार से कराने, घंटाघर की घड़ी को चालू कराने, शहर के पुराने दरवाजों की मरम्मत कर उन्हें वापस एतिहासिक स्वरूप में लौटाने और रंग रोगन कर तैयार करने, जरूरत के मुताबिक शहर में सुलभ कॉम्पलैक्स बनाने, गोपीनाथजी के मंदिर के पास अण्डरग्राउण्ड कचरा पात्र बनाने सहित कई प्रस्ताव रखे गये, जिनपर कार्रवाई की जाएगी।