नई दिल्ली। दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) ने पूर्व नौकराशाह बीके बंसल,
उनकी पत्नी और उनके दो बच्चों की आत्महत्या के बाद सीबीआई को गुरूवार को एक
नोटिस जारी किया।
डीसीडब्ल्यू की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने कहा, हम यह नहीं कह रहे कि बंसल
भ्रष्टाचारी थे या नहीं। लेकिन उनके पूरे परिवार ने आत्महत्या कर ली, यह
बेहद दुखद है। हमने सीबीआई के निदेशक को एक नोटिस जारी करके पूछा है कि
क्या वह (दोषी) अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे और प्राथमिकी दर्ज
करेंगे। मालीवाल ने कथित तौर पर बंसल की यातना में शामिल केंद्रीय जांच
ब्यूरो के अधिकारियों की स्वतंत्र जांच की मांग भी की।
कॉरपोरेट मामलों के मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी बंसल पर भ्रष्टाचार का
आरोप लगाया गया था और सीबीआई द्वारा उसकी जांच की जा रही थी। बंसल और उनके
31 वर्षीय बेटे योगेश ने मंगलवार को पूर्वी दिल्ली के अपने घर में फांसी
लगाकर आत्महत्या कर ली, जबकि उनकी पत्नी सत्यबाला (57) और बेटी नेहा (27)
ने 19 जुलाई को आत्महत्या कर ली थी।
बंसल ने अपने सुसाइड नोट में सीबीआई के उप महानिरीक्षक संजीव गौतम, पुलिस
अधीक्षक अमृता कौर, पुलिस उपाधीक्षक रेखा सांगवान और जांच अधिकारी हरनाम
सिंह के अलावा एक अनाम हेड कांस्टेबल का उल्लेख किया है।
बंसल ने अपने सुसाइड नोट में लिखा था, इन सीबीआई अधिकारियों ने मेरा
पारिवारिक जीवन नरक बना दिया। हालांकि मैंने सुना था कि सीबीआई बेहद कठोर
होती है, लेकिन मैंने ऎसी कार्यवाहियों के बारे में कभी नहीं सुना था। मेरी
बेटी और पत्नी ने आत्महत्या नहीं की है, यह सीबीआई द्वारा हत्या है।
(आईएएनएस)