शाहजहांपुर(कटरा)। पुलिस ने बीस दिन से ग़ायब चल रहे एक लकड़ी ठेकेदार की लाश उसके साथी के घर के आंगन से बरामद की। अवैध सम्बन्धो के चलते उसकी गला दबाकर हत्या की गई थी। पुलिस ने कातिल पति-पत्नी समेत दामाद और भतीजे को गिरफ्तार कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
आपको बता दें कि थाना मीरानपुर कटरा क्षेत्र के मोहल्ला इस्लाम नगर निवासी 50 वर्षीय शराफत लकड़ी का ठेकेदार था। वह तंत्र-मन्त्र के सहारे झाड फूंक भी किया करता था। गत 8 सितम्बर को शराफत घर से निकला तो वापस नहीं लौटा। हर जगह ढूंढने के बाद भी जब उसका कुछ पता नही चला तो शराफत के बेटे राजू ने थाने पर तहरीर देकर गुमशुदगी दर्ज करवाई। काफी तलाश करने के बाद भी उसका कुछ पता नही चल सका। एसपी ने इस मामले की जाँच क्राइम ब्रांच को दी।
क्राइम ब्रांच और कटरा पुलिस ने संयुक्त रूप से उसकी तलाश शुरू की। चार दिन पहले थाना कटरा क्षेत्र के रसेवन गाँव के पास नाले में शराफत की बाइक पुलिस ने बरामद की। इसके बाद पुलिस का शक किसी बड़ी वारदात की ओर जाने लगा। फिर पुलिस ने उसके मोबाइल की काल डिटेल निकलवाई। कॉल डिटेल के आधार पर पुलिस ने थाना जैतीपुर के ग्राम सुरजूपुर निवासी प्रमोद को पुलिस ने हिरासत में लिया। प्रमोद भी शराफत के साथ मिलकर लकड़ी का काम करता था उसके घर शराफत का काफी आना था। पुलिस ने प्रमोद से सख्ती से पूछताछ की तो उसने पूरा सच उगल दिया। प्रमोद ने पुलिस को बताया कि शराफत तंत्रमंत्र की विद्या जानता था। इसी को लेकर उसकी पत्नी से शराफत के अवैध सम्बन्ध बन गए वह अक्सर उसके घर आया करता था।
इस बीच शराफत की नजर उसकी शादीशुदा बेटी पर भी खराब हो गई। शराफत इसके लिए उसे धमकाने लगा। इसको लेकर 8 सितम्बर को शराफत को घर बुलाया और पत्नी कमला, दामाद मनोज और भतीजा सोनू के साथ मिलकर उसकी गला दबा कर हत्या कर दी। प्रमोद ने शराफत की लाश अपने घर की आंगन में गाड़ दी। उसने शव को जल्दी गलाने के लिए उसपर नमक भी डाल दी।
पुलिस ने प्रमोद की निशानदेही पर शराफत की लाश बरामद कर ली उसके पास से ही पैजामा भी मिला। शव नग्न हालत में गड़ा हुआ था। शव बुरी तरह से गल चुका था। सीओ तिलहर डा. कृष्ण गोपाल यादव, क्राइम ब्रांच प्रभारी हिमांशु निगम फिंगर एक्सपर्ट की टीम पहुंची और सबूत जुटाए। पुलिस ने कातिल पति-पत्नी, दमाद और भतीजे को गिरफ्तार कर लिया।