रामधुनि के साथ विधाणी परिक्रमा महोत्सव शुरू

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 28 सितम्बर 2016, 10:32 PM (IST)

जयपुर । श्री गोपालसागर ट्रस्ट के तत्वावधान में मिथला शरण महाराज के सान्निध्य में गोनेर रोड के विधाणी ग्राम में स्थित श्री गोपाल सागर आश्रम में छह दिवसीय श्री विधाणी परिक्रमा महोत्सव का बुधवार को सुबह अखंड रामधुनि के साथ शुरु हुआ। इसी क्रम में पहले दिन विधाणी आश्रम में भजन-कीर्तन से वातावरण भक्तिमय हो गया। इस अवसर पर बनारस धाम से आए स्वामी अविमुक्तेश्वरानन्द महाराज ने भक्तों को प्रवचन देकर भक्ति का महत्व समझाया।

इस अवसर पर गायक कलाकार शंकर शर्मा, रमेश छीपा, बाबूलाल शर्मा ने राम का भजन बिनु काया कोनि काम की....... चलों रे चलों चलो रे चलो.............इत्यादि भजनों द्वारा श्रोताओं को भक्ति में सराबोर कर दिया।
महोत्सव के संयोजक लक्ष्मीनिधि महाराज ने बताया कि अश्विन शुक्ला द्वितीया 3 अक्टूबर को भजनानंद महाराज चेतनदास महाराज एवं पूजनीय मां साहिब भजनी देवी का पाटोत्सव मनाया जाएगा। इस मौके पर सुगंधित दृव्यों से ठाकुरजी का अभिषेक कर में मनमोहक झांकियां सजाई जाएगी। इसी दिन गोनेर स्थित जगदीश मंदिर के सामने से स्वरूपों की आरती के बाद झांझ मंजिरों के साथ पारंपरिक परिक्रमा निकाली जाएगी। इसमें हजारों श्रद्धालु नाचते—गाते पैदल विधाणी पहुंचेंगे। महोत्सव में देशभर से संत मंडलियां एवं श्रद्धालु जुटेंगे। आश्रम के वरिष्ठ कार्यकर्ता हनुमान कुमावत ने बताया कि नवरात्र स्थापना के दिन 56 भोग की झांकी सजाई जाएगी। प्रचार संयोजक हनुमान सहाय दाधीच ने बताया कि छह दिवसीय महोत्सव में आश्रम में प्रतिदिन सायं 4 बजे से 7 बजे तक भजन संध्या, कीर्तन, साधु-संतों के प्रवचन और अखंड रामधुनी का आयोजन किया जाएगा।