फरीदाबाद।
जिला सडक सुरक्षा समिति एवं सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी की मासिक बैठक आज
अतिरिक्त उपायुक्त जितेन्द्र दहिया की अध्यक्षता में लघु सचिवालय स्थित
उपायुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में सचिव आरटीए सुभाष
श्योरान, रोड़वेज महाप्रबन्धक रीगन कुमार तथा एसीपी ट्रैफिक देवेन्द्र
कुमार प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
दहिया ने कहा कि जिले में
राष्ट्रीय राजमार्ग सहित अन्य सभी सडकों पर गड्ढे बिल्कुल नहीं होने चाहिए
क्योंकि वाहनों को सही प्रकार से चलाने के लिए अच्छी सडके काफी मददगार होती
हैं। चौक-चौराहों पर स्पीड ब्रेकर, जेब्रा क्रासिंग, रेडलाइट व्यवस्था व
दिशा सूचक पट्टिकाएं जरूरत के अनुसार होनी चाहिए। गाडिय़ां निर्धारित गति
सीमा से तेज न चलें। कारों में चालक व बराबर बैठी सवारी सीट बैल्ट का
प्रयोग करें। दुपहिया वाहनों पर केवल दो लोग ही सवार होकर हैलमेट पहने हुए
चलें। कोई भी वाहन चालक शराब पीकर अथवा किसी भी तरह से नशे की स्थिति में
वाहन न चलाएं।
उन्होंने कहा कि जिले के सभी मार्गों तथा चौराहों पर
आटो-रिक्शा व टैक्सी आदि निर्धारित स्थान पर ही खड़े होने चाहिए। स्कूली
बच्चों को ले जाने वाले आटो रिक्शा व टैक्सी आदि निर्धारित संख्या से अधिक
सवारी बैठा कर न चलें और ओवर लोडिंग की लापरवाही बिल्कुल न करें। किसी भी
प्रकार की सडक दुर्घटना होने पर कोई भी देखने वाला सम्बन्धित व्यक्ति घायल
व्यक्ति को तुरन्त अस्पताल भिजवा कर अपने नैतिक कर्तव्य का पालन करें ।
स्वास्थ्य विभाग अथवा निजी क्षेत्र के सम्बन्धित अस्पतालों के चिकित्सक व
स्टाफकर्मी त्वरित कार्यवाही करके बेहतर चिकित्सा सुविधा देने के फलस्वरूप
घायल को राहत प्रदान करें। इस प्रकार के उपायों से जिले में सडक सुरक्षा व
सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी को पूर्णत: कारगर बनाया जा सकता है। दहिया ने
इस सम्बन्ध में सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मौके पर
सभी विभागिय अधिकारी मौजूद थे। बैठक में स्वास्थ्य विभाग, हरियाणा शहरी
विकास प्राधिकरण, फरीदाबाद नगर निगम, शिक्षा विभाग, लोक निर्माण विभाग (भवन
एवं सडकें)तथा प्रादेशिक परिवहन प्राधिकरण सहित अन्य सभी सम्बन्धित
विभागों के अधिकारी तथा समिति के सदस्य उपस्थित थे।