बूथ स्तर पर कमेटी शीघ्र बनाने के निर्देश

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 27 सितम्बर 2016, 10:06 PM (IST)

बूंदी। भारतीय जनता युवा मोर्चा की जिला बैठक मंगलवार शाम एक निजी रिसोर्ट में हुई। मुख्य अतिथि भाजयुमो जिला प्रभारी प्रदेश कार्यसमिति विकास शर्मा थे। कार्यक्रम से पूर्व अतिथियों ने स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण किया। भाजयुमो जिलाध्यक्ष योगेन्द्र जैन ने अतिथियों व कार्यकर्ताओं का स्वागत किया। जिला प्रभारी विकास शर्मा ने कहा कि हम युवाओं की पहचान भाजपा संगठन से है। सभी कार्यकर्ता को पूर्ण ईमानदारी से संगठन के प्रति कार्य करें।

उन्होंने कहा कि 30 सितंबर तक जिले के सभी बूथ स्तर पर कमेटी बनानी अनिवार्य है। प्रत्येक प्रभारी को माह में एक बार अपने अपने क्षेत्र में जाकर प्रवास कर बैठके लेनी होगी और जानकारी प्रदेश कार्यालय भेजनी होगी। उन्होंने बूंदी जिले में युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए कार्यों की समीक्षा भी की। आईटी प्रकोष्ठ के संभागीय प्रभारी मयंक सेठी ने कहा कि संगठन की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से भी कार्यकर्ताओं तक पहुंचाई जा सकती है। बैठक को भाजयुमो प्रदेश प्रतिनिधि गोपाल गुप्ता ने भी संबोधित किया।

प्रवक्ता अभिषेक जैन ने बताया कि बैठक में जिला महामंत्री नीरज पांडे, उपाध्यक्ष लोकेश दाधीच, शैतानी सिंह मीणा, सुनीता शर्मा, भाजयुमो शहर अध्यक्ष सौरभ वर्मा, महामंत्री विकास शर्मा, विवेक तारवान, गुरमीत सिंह, आकाश नायक, संगठन मंत्री बादल गर्ग सहित जिले के सभी मंडलों के अध्यक्ष, महामंत्री व पदाधिकारी मौजूद थे।