गुडगांव हुआ गुरूग्राम,केंद्र ने दी मंजूरी

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 27 सितम्बर 2016, 7:57 PM (IST)

नई दिल्ली। गुडगांव का नाम गुरूग्राम करने को केंद्र सरकार ने अपनी मंजूरी दे दी है। शहर के साथ-साथ गुडगांव जिला भी अब गुरूग्राम के रूप में जाना जाएगा।

राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली से सटा गुडगांव मिलेनियम सिटी के रूप में भी जाना जाता है। हरियाणा की भाजपा सरकार ने इस साल अप्रैल में गुडगांव का नाम बदल कर गुरूग्राम करने की घोषणा की थी। राज्य सरकार के प्रवक्ता ने कहा था,गुडगांव का नाम गुरूग्राम के रूप में बदलने का निर्णय अनेक मंचों पर मिले प्रतिवेदनों के आधार पर किया गया था। इसलिए गुडगांव का गुरूग्राम के रूप में नामकरण उचित होगा।

प्रवक्ता ने कहा,हरियाणा भगवद् गीता की भूमि है और गुरगांव शिक्षा का एक केंद्र रहा था। गुरू द्रोणाचार्य के समय से यह गुरगांव के रूप में जाना जाता रहा था। यहां राजकुमारों को शिक्षा दी जाती थी। इसलिए काफी समय से इस क्षेत्र के लोग इसका नाम गुरूग्राम करने की मांग कर रहे थे। गुडगांव देश और दुनिया भर में एक औद्योगिक, सूचना प्रौद्योगिकी, सॉफ्टवेयर और कंपनियों के केंद्र के रूप में जाना जाता है। अनेक विदेशी कंपनियों और प्रमुख देशी कंपनियों के कार्यालय यहां स्थित हैं। (आईएएनएस)