‘फाइव’ को खिलाडी कुमार की ना, ओमंग को झटका

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 27 सितम्बर 2016, 6:30 PM (IST)

बॉलीवुड के खिलाडी कुमार अक्षय कुमार ने इस साल 3 सौ करोडी फिल्में देकर अपने आप को सफलता के ट्रैक पर दौडा दिया है। गत वर्ष तक उनकी फिल्मों को बॉक्स ऑफिस पर वो सफलता नहीं मिल पा रही थी, लेकिन इस साल उनकी शुरूआत एअरलिफ्ट से हुई जिसने बॉक्स ऑफिस पर 127 करोड का कारोबार किया। उसके बाद उन्होंने हाउसफुल-3 और रूस्तम सरीखी फिल्में दी जिन्होंने बॉक्स ऑफिस पर क्रमश: 103 और 141 करोड का कारोबार किया है।

कुछ सप्ताह पहले खबर आई थी कि ‘मैरीकॉम’ और ‘सरबजीत’ बनाने वाले फिल्म निर्देशक ओमंग कुमार अक्षय कुमार को लेकर ‘फाइव’ नामक साइको थ्रिलर फिल्म बनाने वाले हैं जिसमें अक्षय कुमार पांच भूमिका करने वाले हैं, लेकिन अब खिलाड़ी कुमार इस फिल्म से अलग हो गए हैं।

इसका कारण बनी है उनके प्रिय निर्देशक नीरज पांडे की ‘क्रेक’ जिसकी घोषणा उन्होंने रूस्तम के प्रदर्शन के तुरन्त बाद की थी। घोषणा के साथ ही उन्होंने इसकी प्रदर्शन तिथि 15 अगस्त का भी ऐलान किया था। अक्षय ने ऐसे में ओमंग कुमार की ‘फाइव’ को पहले तो होल्ड पर रखा लेकिन अन्तत: उन्होंने उनकी फिल्म से स्वयं को अलग कर लिया है।

ओमंग अपनी शूटिंग के लिए जो तारीखें चाहते थे, वे अक्षय नीरज पांडे की फिल्म ‘क्रेक’ से टकरा रही थी, ऐसे में उन्होंने नीरज को प्राथमिकता देते हुए ओमंग को ना कह दिया। नीरज के साथ अक्षय कुमार अब तक स्पेशल 26, बेबी और हाल ही में रूस्तम दे चुके हैं। वहीं ओमंग कुमार का टै्रक कुछ विशेष नहीं है।

उन्होंने अब तक दो फिल्मों का निर्देशन किया है, जिनमें से ‘मैरीकॉम’ ने 50 करोड का कारोबार किया था, वहीं उनकी दूसरी फिल्म ‘सरबजीत’ थी, जो असफल रही। ऐसे में अक्षय कुमार ने सफलता का दामन थामने में ही भलाई समझी है।

अक्षय को लेकर नीरज पांडे ने ‘क्रेक’ और ‘टॉयलेट एक प्रेम कथा’ बनाने की घोषणा की है, इनमें से ‘टॉयलेट एक प्रेम कथा’ की शूटिंग जल्द शुरू होने वाली है, वहीं ‘क्रेक’ आगामी वर्ष जनवरी में फ्लोर पर जाने वाली है। इस समय अक्षय ‘जॉली एलएलबी’ की शूटिंग में व्यस्त हैं, जो आगामी वर्ष फरवरी में प्रदर्शित होने वाली है। 2017 में अक्षय पूरे वर्ष व्यस्त रहेंगे।