भ्रष्टाचार को लेकर पायलट ने जताई चिंता

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 26 सितम्बर 2016, 5:16 PM (IST)

जयपुर । राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सचिन पायलट ने प्रदेश के विभिन्न विभागों में बेकाबू हो रहे भ्रष्टाचार पर गहरी चिंता व्यक्त की है। पायलट ने बयान जारी कर कहा कि सरकार के खनन, नगरीय विकास और जलदाय विभाग सहित अन्य महकमों में बड़े भ्रष्टाचार के खुलासे हुए है लेकिन दुर्भाग्य है कि हर बार मात्र प्रशासनिक अधिकारियों पर जिम्मेदारी डालकर राजनीतिक जवाबदेही से बचा जा रहा है।मुख्यमंत्री एवं विभागों के मंत्रियों की भूमिका प्रोजेक्टस के जारी होने से उनके पूरे होने तक रहती है ऐसे में उनको जाँच से अलग रखा जाना भ्रष्टाचार को दबाने जैसा है। उन्होंने कहा कि खान विभाग के प्रमुख शासन सचिव के खिलाफ अब तक चार्जशीट दाखिल नहीं किया जाना इस बात को प्रमाणित करता है कि भ्रष्टाचार की परतों को खुलने से रोकने के लिए सरकार ने कानूनी प्रक्रिया को लचर बना रखा है। उन्होंने कहा कि बीते दिनों यूडीएच मंत्री ने अपने विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार को सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया है और विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार को जनता की परेशानी का मुख्य कारण बताया है। पायलट ने कहा कि भाजपा के वरिष्ठ विधायक घनश्याम तिवाड़ी ने भी स्पष्ट रूप से भाजपा सरकार में फल-फूल रहे भ्रष्टाचार के लिए मंत्रियों की भूमिका पर प्रश्नचिह्न लगाया है।