पुलिसकर्मी ने ज़हर खाकर क्यों की आत्महत्या ?

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 26 सितम्बर 2016, 4:55 PM (IST)

झांसी। आगरा में तैनात पुलिसकर्मी ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। उसके पास से एक सुसाइड नोट मिला है। जिसमें उसने पत्नी के लिए लिखा है कि मैं तुमसे मरने के बाद भी प्यार करूंगा। आई लव यू। साथ ही उसने लिखा कि मेरे मरने के बाद मेरी पत्नी को परेशान न किया जाए। सिपाही हिमांशु दीक्षित मूल रूप से कानपुर का रहने वाला था और उसकी पोस्टिंग आगरा में थी।

उसकी पत्नी शुभा द्विवेदी औरैया जिले की रहने वाली थी और ललितपुर में सरकारी स्कूल में टीचर थी। नौकरी के लिए वह ललितपुर में किराए का कमरा लेकर रहती थी। उसके पड़ोसियों ने बताया कि हिमांशु शनिवार की रात पत्नी के पास आया था। उन दोनों में झगड़ा हुआ और वह मकान बाहर से बंद करके चला गया। उसकी पत्नी ने पुलिस को फोन करके पूरा मामला बताया और पुलिस के आने पर घर का दरवाजा खुला। लेकिन तबतक हिमांशु रेलवे स्टेशन पर जाकर जहर खाकर आत्महत्या कर चुका था। उसे जिला अस्पताल भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई।

अभी दो साल पहले ही उन दोनों ने लव मैरिज की थी। हिमांशु वर्ष 2011 में पुलिस विभाग में भर्ती हुआ था। उसकी पहली पोस्टिंग औरैया में हुई। वह वहां कमरा लेकर रहता था। उसकी दौरान शुभा से उसका अफेयर हो गया। पहले उन दोनों के घर वाले राजी नहीं थे, लेकिन बाद में वह मान गए। अभी दो साल पहले वर्ष 2014 में दोनों ने शादी कर ली। शादी के बाद हिमांशु की पोस्टिंग आगरा हो गई और शुभा की पोस्टिंग कुछ समय के बाद ललितपुर हो गई। अलग रहने को लेकर दोनों के बीच झगड़ा शुरू हो गया। मामले पर पुलिस का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है।

सुसाइट नोट में लिखा था कि मैं अपनी जिंदगी से तंग आकर आत्महत्या कर रहा हूं। मेरे अधिकारियों से निवेदन है कि वह शुभा दीक्षित को परेशान न करें। आत्महत्या के लिए मैं ही जिम्मेदार हूं। मेरे मां-बाप की रक्षा करना। शुभा, मैं तुमसे मरने के बाद भी प्यार करता रहूंगा। आई लव यू