हिंदी को लोकप्रिय बनाने में अखबार और टीवी की भूमिका अहम : जोशी

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 25 सितम्बर 2016, 2:58 PM (IST)

बाड़मेर। बाड़मेर में नेहरू युवा केन्द्र एवं क्षेत्रीय प्रचार कार्यालय के तत्वावधान में रविवार को हिंदी पखवाड़ा के तहत विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में नेहरू युवा केन्द्र के जिला युवा समन्वयक ओम प्रकाश जोशी ने कहा कि हिंदी ही एकमात्र भाषा है, जो देश को एक सूत्र में पिरोकर रख सकती है, लेकिन आज लोग अपनी मानसिक दुर्बलताओं के चलते अंग्रेजी के प्रवाह में आकर हिन्दी को दोयम मान रहे हैं, जिसका कोई अर्थ नहीं है। उन्होंने कहा कि हमें अपने रोजमर्रा के कामों में हिन्दी का प्रयोग करना चाहिए तथा युवाओ में हिन्दी के प्रति जागरूकता उत्पन्न हो, ऐसे प्रयास करने चाहिए। उन्होंने कहा कि हिन्दी को जन-जन की भाषा बनाने में भारतीय सिनेमा टीवी सीरियल तथा समाचार पत्रों की अहम भूमिका रही है। इसी प्रकार प्रतियोगी परीक्षाओं में हिन्दी की बढ़़ती महता ने शिक्षित वर्ग का राजभाषा के प्रति रूझान बढ़ाने में योगदान दिया है।

एडवोकेट बलवंत सिंह ने कहा कि हिन्दी भाषा में जैसा बोला जाता है वैसा ही लिखा जाता है तथा इस भाषा ने आज की संचार क्रांति में भी कम्प्युटर तथा मोबाइल के उपयोग में उल्लेखनीय योगदान दिया है। राजस्थान कौशल एवं आजीविका विकास निगम के गौतम माथुर ने कहा कि आज शिक्षण संस्थाओ में बालकों के अभिव्यक्ति सामथ्र्य को बढ़ाने की दिशा में और अधिक कार्य करने की आवश्यकता है। इस अवसर पर युवाओं को हिन्दी में कार्य करने का संकल्प दिलाया गया। इस मौके पर पोस्टर प्रतियोगिता व प्रश्नोतरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।