3 घंटे पड़ा रहा शव,वो करते रहे कागजी खानापूर्ति

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 24 सितम्बर 2016, 12:40 PM (IST)

जोधपुर। यहां मंडोर रेलवे स्टेशन पर शव की बेकद्री का मामला सामने आया है। यहां तीन घंटे तक एक शव को गठरी में बांध कर रखा गया। इस दौरान मृतका के परिजन मिन्नतें करते रहे लेकिन, पुलिस और रेलवे के अधिकारी कागजी कार्रवाई में ही उलझे रहे। मंडोर रोड किशोरबाग क्षेत्र में रहने वाली ट्रेनी होमगार्ड ललिता शनिवार की सुबह प्रशिक्षण पर जाने के लिए घर से निकली। मंडोर रेलवे स्टेशन पर पटरी पार करते समय वह जैसलमेर जाने वाली ट्रेन की चपेट में आ गई और उसकी वहीं मौत हो गई। मौत के बाद गठरी में बंधा ललित का शव तीन घंटे तक मंडोर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर पड़ा रहा, लेकिन न पुलिस और न ही रेलवे ने डेड बॉडी को उठाने की जहमत उठाई। तीन घंटे इंतजार के बाद मृतका ललित का शव ऑटो रिक्शा में डालकर अस्पताल की मोर्चरी ले जाया गया।

कायदों में उलझी मौत की गुत्थी

ललिता की मौत महज एक हादसा थी। रेलवे के नियमानुसार लोको पायलेट ने ट्रेन रोकी और इसके गार्ड ने शव को एक गठरी में बांध ट्रेन आगे बढ़ी दी। उसके बाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर ललिता का शव तीन घंटे तक पड़ा रहा। इस दौरान स्टेशन से कई ट्रेन गुजरीं, लेकिन किसी ने शव को एक तरफ रखवाने का प्रयास तक नहीं किया। सूचना मिलते ही ललिता के परिजन भी वहां पहुंच गए और उन्होंने वहां मौजूद पुलिस व अधिकारियों से शव को मोर्चरी में भेजने का आग्रह किया। मृतका के परिवार वालों ने लाख मिन्नतें की लेकिन न पुलिस और न ही रेलवेकर्मियों पर असर हुआ। तीन घंटे के इंतजार के बाद कागजी कार्रवाई के बाद ललित की बॉडी को परिवार वालों के सुपुर्द किया गया।