सैन्य अभ्यास POK में नहीं होगा:रूस

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 24 सितम्बर 2016, 11:44 AM (IST)

नई दिल्ली। रूस ने उन रिपोर्टो को खारिज किया जिनमें कहा जा रहा था कि पहला रूस-पाकिस्तान संयुक्त सैन्य अभ्यास पीओके के गिलगित-बाल्टिस्तान में होगा। दिल्ली में रूसी दूतावास ने एक बयान जारी करके कहा कि संयुक्त सैन्य अभास सिर्फ एक जगह ही होगा और वह है चेरात। रत्तू स्थित हाई एल्टीट्यूड मिलिट्री स्कूल में सैन्य अभ्यास की खबरें बिल्कुल गलत है। आपको बता दें कि ऐसी खबरों पर भारत ने कडी आपत्ति जताई थी।
बता दें कि रूस की सरकारी न्यूज एजेंसी तास ने ही पहले यह जानकारी दी थी कि संयुक्त सैन्य अभ्यास पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में गिलगित-बाल्टिस्तान के रत्तू में आर्मी स्कूल से शुरू होगा। हालांकि बाद में तास की वेबसाइट से इस जानकारी को हटा लिया गया।

इससे पहले रूस की थलसेना की एक टुकड़ी शुक्रवार को पाकिस्तान पहुंची जो आज से शुरू हो रहे पहले संयुक्त सैन्य युद्धाभ्यास में भाग लेगी। यह अभ्यास शीतयुद्ध काल के दो पूर्व विरोधियों के बीच बढ़ते सैन्य संबंधों को प्रदर्शित करता है। सेना प्रवक्ता लेफ्टिनेंट जनरल असीम बाजवा ने कहा, रूसी जमीनी बलों की एक टुकड़ी पहले पाक-रूस संयुक्त युद्धाभ्यास के लिए पहुंची है। रूसी सैनिक 24 सितंबर से 10 अक्टूबर तक दो हफ्तों के लिए इस देश में रहेंगे।
दोनों देशों के करीब 200 सैनिक दो हफ्तों के ‘फ्रेंडशिप 2016’ नाम के सैन्य युद्धाभ्यास में भाग लेंगे। यह युद्धाभ्यास ऐसे समय होगा, जब मास्को और इस्लामाबाद के बीच रक्षा संबंध मजबूत हुए हैं और इस्लामाबाद अत्याधुनिक रूसी युद्धक विमान खरीदने पर विचार कर रहा है।