भरतपुर। पीसीपीएनडीटी सैल की ओर से लिंग जांच करने वाले दलालों, संचालकों व स्वास्थ्य कर्मी डॉक्टर गिरोह का पर्दाफाश करने के बाद पकड़े गए पांचों लोगों को शुक्रवार को भरतपुर पीसीपीएनडीटी न्यायालय में पेश किया गया। मजिस्ट्रेट ने दो लोगों को पुलिस रिमांड पर भेज दिया और तीन को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने के आदेश दिए।
पुलिस निरीक्षक उमेश निठारवाल सहित विभाग के अधिकारियों ने इन लिंग जांच मामले में दोषी डाक्टर सहित पांच जनों को भरतपुर की अतिरिक्त सिविल न्यायाधीश कनिष्ठ खंड एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम वर्ग की अदालत में भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पेश किया गया था।
जानकारी के अनुसार स्वास्थ्य विभाग के मिशन निदेशक नवीन जैन के निर्देशानुसार लिंग जांच करने वाले अंतरराज्यीय सातवीं कार्रवाई में गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पंाच जनों को गिरफ्तार किया गया। मिशन निदेशक नवीन जैन ने बताया कि गत कई माह से करौली जिले के श्रीमहावीरजी व हिंडौन क्षेत्र से एक एएनएम द्वारा गर्भवती महिलाओं की लिंग जांच करवाने की सूचना मुखबिर से मिली थी। गुरुवार को मिशन निदेशक के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रघुवीरसिंह के नेतृत्व में टीम को कार्रवाई करने टीम को भेजा गया। जैन ने बताया कि झुंझुनूं की गर्भवती महिला को साथ लेकर सहयोगी महिला पूजा कुमावत हिंडौन निवासी दलाल एएनएम शरबती के पास श्रीमहावीरजी पहुंची। जहां से दलाल शरबती ने कहा कि भरतपुर चलना होगा। शरबती ने भरतपुर में पहुंचकर 30 हजार रुपए गर्भवती व सहयोगी महिला पूजा कुमावत से ले लिए। इसके बाद दलाल शरबती ने कहा कि लिंग जांच के लिए आगरा चलना होगा। गर्भवती महिला, सहयोगी महिला व दलाल शरबती आगरा पहुंचे। आगरा पहुंचने पर दलाल शरबती के बताए अनुसार एक स्थान पर पहुंचे जहां स्थानीय तीन दलाल हर्ष चौधरी, हरवीरसिंह व कैलाश से मिले। इन तीनों दलालों ने कहा कि लिंग जांच का कार्य आगरा में नहीं फतेहाबाद चलकर करवाना पड़ेगा। गर्भवती व सहयोगी महिला को चारों दलाल फतेहाबाद के सलीम मेमोरियल अस्पताल में ले गए। वहां अस्पताल के संचालक 78 वर्षीय अलीमुद््दीन ने लिंग जांच करके लडक़ी बताई। सहयोगी महिला पूजा कुमावत द्वारा इशारा करने पर राज्य पीसीपीएनडीटी की टीम व आगरा की एसओजी टीम ने छापा मारा व कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान एक महिला सहित चार दलाल व अस्पताल संचालक को लिंग जांच करने के आरोप में गिरफ्तार किया तथा अस्पताल में काम में ली गई सोनोग्राफी मशीन व आवश्यक उपकरण और दस्तावेजों को सील कर जब्त किया गया। मिशन निदेशक नवीन जैन ने बताया कि आगरा के जिला कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक द्वारा पूर्ण सहयोग दिया गया। नवीन जैन ने बताया कि उतरप्रदेश में लिंग जांच करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह पर यह तीसरी बड़ी कार्रवाई है।
मिशन निदेशक ने बताया कि गुरुवार को की गई कार्रवाई में बीकानेर पीसीपीएनडीटी समन्वयक महेन्द्रसिंह, सीकर के नंदलाल पूनिया, बाड़मेर के विक्रमसिंह व करौली के आशीष गौतम का सहयोग रहा। उन्होंने बताया कि लिंग जांच में दोषी पाचों अभियुक्तों को शुक्रवार को भरतपुर के पीसीपीएनडीटी न्यायालय में पेश किया गया।