लालू के बेटे तेजप्रताप को SC का नोटिस

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 23 सितम्बर 2016, 2:30 PM (IST)

नई दिल्ली। सीवान के पत्रकार राजदेव रंजन हत्याकांड मामले में अहम मोड़ आ गया है। सुप्रीम कोर्ट ने इस हत्याकांड में बिहार के स्वास्थ्य मंत्री और लालू प्रसाद के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव, सीवान के पूर्व सांसद मोहम्मद शहाबुद्दीन और नीतीश सरकार को नोटिस जारी किया है। इन दोनों पर पत्रकार राजदेव रंजन की हत्या करने वाले आरोपियों को पनाह देने का आरोप है। सुप्रीम कोर्ट ने पुलिस से आशा रंजन को सुरक्षा देने के साथ ही सीबीआई से जांच की स्टेटस रिपोर्ट मांगी है। साथ ही कोर्ट ने सीबीआई को भी नोटिस जारी किया है। सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में 2 सप्ताह के अंदर जवाब देने को कहा है। मामले की अगली सुनवाई 17 अक्टूबर को होगी।

अपराधियों के साथ नेताओं की फोटो पर सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि राजनीति और अपराध का यह भयानक गठबंधन है। सुप्रीम कोर्ट ने बिहार राज्य के गृह सचिव को शहाबुद्दीन और तेजप्रताप यादव को नोटिर्स सर्व करने का आदेश दिया है। बिहार में सीवान के पत्रकार राजदेव रंजन की हत्या के मामले की जांच का जिम्मा केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को दिया था। सीबीआई अधिकारियों की एक टीम इसकी जांच शुरू कर दी थी।
सुप्रीम कोर्ट की ओर से नोटिस जारी किए जाने पर अपना पक्ष रखते हुए तेज प्रताप यादव ने कहा कि ऐसे बहुत से लोग हैं जो हमारे साथ तस्वीरें खिंचवाते हैं लेकिन हम हर किसी को नहीं जानते। उन लोगों के चेहरे पर लिखा नहीं होता कि वे कौन हैं। साथ ही उन्होंने एक बार फिर इस पूरे मामले में भाजपा पर भी निशाना साधा। तेज प्रताप ने कहा कि पत्रकार हत्याकांड के आरोपी के साथ जिन भाजपा नेताओं ने तस्वीर खिंचवाई है, उन्हें भी सुप्रीम कोर्ट को नोटिस भेजना चाहिए।
राजदेव की पत्नी ने सुप्रीम कोर्टे में अपील की थी

हिंदुस्तान के सीवान ब्यूरो चीफ राजदेव रंजन की विधवा ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर पति की हत्या की सीबीआई जांच कराने और मामले का ट्रायल दिल्ली स्थानांतरित करने की मांग की गई थी। उन्होंने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति ठीक नहीं है और गवाहों को अपनी जान का डर है इसलिए हत्या का मुकदमा दिल्ली स्थानांतरित किया जाए।
42 साल के पत्रकार राजदेव रंजन की 13 मई को सीवान रेलवे स्टेशन के पास कुछ अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। फिलहाल सीबीआई मामले की जांच कर रही है। सीबीआई ने इस हत्याकांड मामले के दूसरे आरोपी मोहम्मद जावेद की खोज के लिए भी बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। इस पूरे मामले के मुख्य आरोपी शूटर मोहम्मद कैफ ने 2 दिन पहले ही 21 सितंबर को सीवान कोर्ट में सरेंडर कर दिया था जहां से कोर्ट ने कैफ को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।