सुबह की प्रार्थना में चिकनगुनिया व डेंगू का पाठ

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 22 सितम्बर 2016, 5:28 PM (IST)

चंडीगढ़। प्रदेश के सभी स्कूलों में सुबह की प्रार्थना सभा में बच्चों को डेंगू,मलेरिया तथा चिकनगुनिया जैसे गंभीर रोगों के बारे में जागरूक करना अनिवार्य होगा। यह जानकारी देते हुए हरियाणा के शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा ने गुरुवार को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जल-जनित रोग डेंगू, मलेरिया तथा चिकनगुनिया आदि को रोकने के लिए गंभीर प्रयास कर रही है। जल-जनित रोगों के पैदा होने का मुख्य कारण ठहरा हुआ पानी होता है। इस पानी में पैदा मच्छर से ही संक्रामक रोग फैलने का खतरा बना रहता है। ऐसे में स्वच्छता तथा ठहरे पानी का समुचित प्रबंधन करके इन रोगों से बचाव संभव है।

उन्होंने कहा कि कम से कम एक सप्ताह तक राज्य के सभी स्कूलों में ठहरे पानी से होने वाले रोगों के बारे में बच्चों को व्याख्यान आदि के माध्यम से तो जागरूक करना ही होगा, साथ ही इस दौरान जल-जनित रोग डेंगू,मलेरिया तथा चिकनगुनिया आदि से संबंधित संगोष्ठि, सेमीनार,वाद-विवाद प्रतियोगिता, स्लोगन लेखन तथा पेंटिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन करवाना है। यही नहीं विज्ञान के अध्यापक को स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर एक डेमोस्ट्रेशन भी करना है।