मुन्नाभाई की पटकथा तैयार, जरूर बनेगी

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 21 सितम्बर 2016, 10:54 PM (IST)

सुप्रसिद्ध निर्देशक राजकुमार हिरानी के पास ‘मुन्नाभाई सीरीज’ की तीसरी फिल्म की पटकथा तैयार है, लेकिन इसका निर्माण वे संजय दत्त पर बनने वाली बायोपिक के बाद ही करेंगे। इस फिल्म में रणबीर सिंह संजय दत्त की भूमिका निभा रहे हैं। हिरानी इससे पूर्व ‘मुन्नाभाई एमबीबीएस’ और ‘लगे रहो मुन्नाभाई’ बना चुके हैं।

इस बात की जानकारी बॉलीवुड में अपने कॉमिक अभिनय के लिये मशहूर अरशद वारसी ने दी है। उनका कहना है कि मुन्ना भाई सीरीज की तीसरी फिल्म की पटकथा तैयार हो गयी है। अरशद वारसी ने संजय दत्त के साथ ‘मुन्ना भाई एमबीबीएस’ और ‘लगे रहो मुन्ना भाई’ में काम किया था।

फिल्म में संजय दत्त ने मुन्ना भाई और अरशद वारसी ने सर्किट का किरदार निभाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया था। अब ‘मुन्ना भाई 3’ बनने जा रही है। इससे पूर्व मुन्ना भाई सीरीज की फिल्म ‘मुन्ना भाई चले अमेरिका’ की घोषणा की गयी थी लेकिन बात नहीं बन सकी।

अरशद वारसी ने कहा, पटकथा का आईडिया तैयार है। मैं इस फिल्म के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं। ‘मुन्ना भाई चले अमेरिका’ फिल्म नहीं बन पाने का दुख है मुझे, वह एक जबरदस्त कांसेप्ट था लेकिन मुझे पूरा यकीन है कि ‘मुन्ना भाई 3’ का निर्माण जरूर होगा। संजय दत्त की बायोपिक के खत्म होने के बाद ‘मुन्ना भाई 3’ पर काम शुरू होगा।