इस्लामाबाद। भारत में हाल ही में हुए जघन्य आतंकवादी हमले के बाद दोनों
देशों के बीच बढे तनाव के चलते पाकिस्तान ने बुधवार को पीओके सहित उत्तरी
इलाकों में हवाई क्षेत्र पर प्रतिबंध लगा दिया और सभी उडानें रद्द कर दीं।
पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइन्स (पीआईए) के प्रवक्ता दान्याल गिलानी ने
ट्वीट कर कहा, सीएए (सिविल एविएशन अथॉरिटी) के निर्देशों के अनुसार, बुधवार
को उत्तरी इलाकों में हवाई क्षेत्र बंद रहेगा। असुविधा के लिए खेद है।
उन्होंने कहा कि गिलगित-बाल्टिस्तान क्षेत्र में गिलगित, स्कर्दु और
चित्राल में सभी उडानें रद्द कर दी गईं हैं।
प्रवक्ता ने इस बारे में
खुलासा नहीं किया कि हवाई क्षेत्र पर प्रतिबंध क्यों लगाया गया है।
लेकिन एक्प्रेस ट्रिब्यून का कहना है कि पाकिस्तान के युद्धक विमान भारत से
खतरे के बीच उडान भरने और लैंडिंग करने का अभ्यास कर रहे होंगे। जम्मू एवं
कश्मीर में उडी में एक सैन्य शिविर पर रविवार को हुए आतंकी हमले के बाद
पाकिस्तान ने यह कदम उठाया है।
आईएएनएस