यूनूस खान ने की गड़करी से मुलाकात

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 21 सितम्बर 2016, 9:14 PM (IST)

जयपुर। सार्वजनिक निर्माण मंत्री युनूस खान ने बुधवार को नई दिल्ली स्थित ट्रांसपोर्ट भवन में केन्द्रीय परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर राजस्थान में सड़क निर्माण एवं उनके विकास से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक के बाद युनूस खान ने बताया कि केन्द्रीय मंत्री गडकरी ने झालावाड़ सिटी और हनुमानगढ़ में सड़कों के विकास हेतु केन्द्रीय मदद, राज्य की सड़कों पर पुलिया बनाने और प्रदेश के कई शहरों में फोर लेन सड़कों के निर्माण संबंधित प्रस्तावों पर सहमति प्रदान की है। खान ने बताया कि भारत सरकार की मदद से राज्य में तेजी से सड़कों के विकास का कार्य हो रहा है। बैठक में सड़क परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारीगण भी मौजूद थे। राजस्थान हज कमेटी के अध्यक्ष की केन्द्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी से मुलाकात राजस्थान हज कमेटी के अध्यक्ष अमीन पठान ने बुधवार को नई दिल्ली में केन्द्रीय अल्पसंख्यक मामलों के राज्यमंत्री मुख्तार अब्बास नकवी से मुलाकात कर राजस्थान के अकलियतों के मामलों पर बातचीत की।

इस दौरान राजस्थान में अकलियतों के विकास और तालीम के साथ-साथ हज यात्रा संबंधित विषयों पर दोनों के बीच विस्तार से चर्चा हुई। मुलाकात के बाद पठान ने बताया कि केंद्र सरकार के सहयोग से अजमेर में सद्भावना भवन का निर्माण किया जाएगा। यह कार्य जल्द शुरू होगा, जिससे अजमेर और पुष्कर आने वाले पर्यटकों को सुविधा मिलेगी।
उप मुख्य सचेतक की केन्द्रीय रेल मंत्री से मिले
राजस्थान विधानसभा के उप मुख्य सचेतक श्री मदन राठौड़ ने बुधवार को नई दिल्ली में केन्द्रीय रेल मंत्री श्री सुरेश प्रभु से मुलाकात कर राजस्थान में रेल विस्तार एवं विकास के विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। श्री राठौड़ ने केन्द्रीय रेल मंत्री से राज्य के पाली जिले से दिल्ली के लिए सीधी ट्रेन चलाने की मांग की। उन्होंने केन्द्रीय मंत्री से आग्रह किया कि मालानी एक्सप्रेस और इंटरसिटी एक्सप्रेस को जोधपुर के साथ फुलेरा से भी जोड़ा जाए। इससे पाली जिले के लोगो को भी दिल्ली जाने में सुविधा होगी और इससे रेल पर कोई अतिरिक्त भार नहीं पड़ेगा।