सपा, बसपा की टक्कर में पांच दल हो गए एक

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 21 सितम्बर 2016, 3:43 PM (IST)

लखनऊ। यूपी में विधानसभा चुनाव होने वाला है और सियासी पारा चढ़ने लगा है, जहां एक तरफ आज बीजेपी पिछड़े वर्ग को साधने के लिए परिवर्तन महा रैली कर रही है, वहीं समाजवादी पार्टी की पारिवारिक सियासत लगातार सुर्ख़ियों में है। वहीं दलितों और पिछड़ों को साधने के लिए 5 दलों ने आपस में हाथ मिला लिया है। जिसका नाम राष्ट्रीय विकास मोर्चा रखा गया है।

पांच दलों के विलय से बने राष्ट्रीय विकास मोर्चा के संयोजक ​प्रेम चंद्र बिंद ने बताया कि पिछड़ी जातियों को राजनीति में हिस्सेदारी दिलाने और अपनी ताक़त का एहसास कराने के लिए राष्ट्रीय विकास मोर्चा का गठन किया गया है।

इस मोर्चे के तहत वे पूरे प्रदेश में विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। इस मोर्चे में राष्ट्रीय क्रांति पार्टी, प्रगतिशील मानव समाज पार्टी, राष्ट्रीय समानता दल, जनवादी सोशलिस्ट पार्टी और जयहिंद समाज पार्टी शामिल हैं।