नागौर। जिले की मेड़ता पंचायत समिति की मोकाला ग्राम पंचायत में ग्रामीण गौरव पथ बनने से ग्रामवासियों की खुशी का ठिकाना नहीं है। उनका कहा है कि पुलिया तक रोड के बनी म्हे तो निहाल हो गया। सीता देवी के मुताबिक जहां एक साल पहले तक जल निकास नहीं होने के कारण बरसात के दिनों मेें घुटनों तक कीचड़ रहा करता था, आने जाने में खासी दिक्कत होती थी, अब ग्रामीण गौरव पथ निर्माण से हर तरह का आराम हो गया है। अब न तो मक्खी मच्छर परेशान करते हैं और न ही पहले की तरह पानी इकट्ठा होता है। ग्रामीण बोदाराम ने बताया कि पहले बरसातों में घुटनों से ऊपर तक खड्डे बन जाते थे और चल ही नहीं पाते थे। गांव के रामजीलाल, रामप्रसाद, लादूराम, अशोक बताते हैं कि यह रास्ता साफ होने से सबसे ज्यादा सुविधा बच्चों को हुई जो बरसात में बिना फिसले-गिरे सुरक्षित स्कूल आ-जा पाते हैं। उनका मानना है कि सरकार को हर ग्राम पंचायत पर ऎसी सड़क बनानी चाहिए। हालांकि वे यह भी कहते हैं कि ग्रामीणों में आपसी मनमुटाव के कारण सड़क बनने के बाद रखरखाव में दिक्कत होती है जैसे कोई नालियों को बंद कर दे या गंदगी सड़क पर डाल दे, लेकिन इसके लिए सरकार को दोष नहीं दिया जा सकता। महेन्द्र, रामनारायण बेड़ा, पन्नाराम बेड़ा बताते हैं कि ट्रैक्टर जैसे वाहन को भी इस सड़क से गुजारने में पहले दिक्कत आती थी लेकिन अब फर्राटे से दौड़ता है। सभी इस सड़क के बनने से खुश हैं। ग्राम पंचायत मोकाला में ग्रामीण गौरव पथ का निर्माण 50 लाख रुपए की लागत से किया गया है। यह काम दिसम्बर 2014 को प्रारम्भ हुआ था और जून 2015 तक सीसी सड़क बनकर तैयार हो गई थी।
यह गौरव पथ 7 हजार से अधिक लोगों के काम आता है। पहले यहां एक कच्चा रोड था तब इस सड़क की हालत लगातार खराब बनी ही रहती थी क्योंकि यहां पानी का उचित निकास नहीं था। योजना के अनुसार अब दोनों ओर नालियों सहित सीसी सड़क का निर्माण किया गया है। ग्रामीण जन को अस्पताल, कस्बाई बाजार और बच्चों को स्कूल तक आने-जाने एवं स्थानीय लोागों को उनके खेतोें में स्वयं और वाहनों को ले जाने में आसानी हो गई है। जल निकास की स्थिति यह है कि एक माह पहले यहां हुई भारी बारिश में जहां खेत पानी से भरे थे, सड़कों पर पानी बह रहा था गौरव पथ सूखा बचा हुआ था।