नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कैबिनेट ने बुधवार को एक ऐतिहासिक फैसला लेते हुए 92 साल से चली आ रही रेल बजट की परंपरा को खत्म कर दिया है। अब आम बजट में रेल बजट को मिला दिया जाएगा। रेल बजट को आम बजट में मिलाने के प्रस्ताव को केन्द्रीय मंत्रिमंडल ने स्वीकृति दे दी है। प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में हुई केन्द्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में इस आशय के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। रेल मंत्री सुरेश प्रभु और रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एके मित्तल साउथ ब्लॉक में होने वाली इस बैठक में मौजूद थे।
वित्त मंत्री अरूण जेटली का कहना है कि 1924 में रेल बजट को अलग करने का फैसला विभिन्न जरुरतों के आधार पर हुआ था, लेकिन अब ऐसी जरुरतें नहीं रह गयी है। जेटली ने ये भी कहा कि आज के दिन में रक्षा और परिवहन जैसे कई क्षेत्रों का आकार रेलवे से कहीं बड़ा है, जबकि इनका बजट आम बजट में शामिल किया जाता है।
वैसे रेलवे का आकार अब भी काफी बड़ा है। इसमे 13 लाख से ज्यादा कर्मचारी है, यानी ये अपने आप में एक लघु भारत है। इन सब के वावजूद सरकार की दलील है कि रेलवे को आम बजट में मिलाए जाने से बेहतर व्यवस्था बन सकेगी और अनावश्यक के कामकाज से बचा सकेगा। हालांकि इस विलय के बावजूद वित्तीय मामलों में रेलवे को पूरी स्वायतता रहेगी और उनके विभिन्न अधिकारी अपने-अपने स्तर पर वित्तीय अधिकारों का पूरी तरह से इस्तेमाल कर सकेंगे। यही नहीं रेलवे के खर्चें उसी के संसाधन के जरिए पूरी किए जाएंगे. रेलवे को एक फायदा ये भी है कि उसे डिविडेंड नहीं देना होगा, यानी हर साल उसे करीब 10 हजार करोड़ रुपये का फायदा होगा।