...तो इस कारण बंद हुई ‘रामलखन’

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 20 सितम्बर 2016, 8:49 PM (IST)

गत वर्ष करण जौहर, रोहित शेट्टी और सुभाष घई ने बॉलीवुड की कल्ट फिल्म ‘रामलखन’ के रीमेक को बनाने की घोषणा की थी। सुभाष घई के निर्देशन में बनी इस फिल्म के रीमेक को करण जौहर सुभाष घई के साथ मिलकर बनाने वाले थे। निर्देशन की जिम्मेदारी रोहित शेट्टी को सौंपी गई थी। रोहित शेट्टी ने इस फिल्म की पटकथा का फाइनल ड्राफ्ट भी तैयार कर लिया था, जिसे करण जौहर के साथ-साथ सुभाष घई ने भी मंजूरी दे दी थी।

इन तीनों के बीच फिल्म के मुख्य किरदारों राम और लखन के लिए कई सितारों के नामों को लेकर कई बार चर्चाएं हुई लेकिन रोहित शेट्टी को इनमें से कोई भी ऐसा नहीं लगा जो राम और लखन के किरदारों में फिट बैठ सके। कहा जा रहा है कि तीनों दिग्गजों ने बॉलीवुड की युथ बिग्रेड के रणबीर कपूर, रणवीर सिंह, अर्जुन कपूर, सिद्धार्थ मल्होत्रा, वरुण धवन, टाइगर श्रॉफ आदि के नामों पर खूब चर्चा हुईं, लेकिन किसी को भी लेकर सहमति नहीं बनी।

आखिरकार रोहित शेट्टी ने इस फिल्म को बंद कर दिया और वे अजय देवगन के साथ ‘गोलमाल 4’ में व्यस्त हो गए। रोहित शेट्टी के सफलता के कार्ड को देखते हुए बॉलीवुड के बड़े से बड़े सफल कलाकार उनके साथ काम करने को तैयार रहते लेकिन रोहित को अपने राम और लखन के लिए कोई भी अभिनेता उन्हें दमदार नहीं लगा। किसी को भी लेकर वे सौ प्रतिशत आश्वस्त नहीं लगे। लिहाजा फिल्म को बंद कर दिया गया।

भविष्य में यह फिल्म बनेगी या नहीं, इस पर सवालिया निशान लगा है। प्राप्त संकेतों के आधार पर यह कहा जा सकता है कि शायद ही यह फिल्म अब कभी वापस निर्माण के स्तर पर आएगी।