अजमेर। केन्द्र सरकार द्वारा अजमेर को स्मार्ट सिटी की घोषणा के साथ ही राज्य सरकार ने भी शहर को तोहफा दिया है। अजमेर राज्य का पहला जिला बनेगा जहां शहर के 41 स्कूलों को स्मार्ट स्कूल के रूप में विकसित किया जाएगा। इन स्कूलों में कंप्यूटर और वाई-फाई की सुविधा के साथ ही डिजीटल क्लासरूम एवं स्मार्ट क्लासेस की सुविधा विकसित होगी। इसके लिए एक करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।
केन्द्र सरकार द्वारा अजमेर को स्मार्ट सिटी चुनने के साथ ही शिक्षा राज्य मंत्री प्रो. वासुदेव देवनानी ने भी राज्य सरकार की ओर से मंगलवार को यह घोषणा की। उन्होंने तोपदड़ा स्थित ई-लर्निंग सेन्टर में शहर के विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापक एवं प्रधानाचार्यों से सीधा संवाद कर यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी अजमेर में स्टेट बैंक ऑफ बीकानेर एंड जयपुर के सहयोग से स्कूलों को स्मार्ट स्कूल के रूप में विकसित किया जाएगा। इन स्कूलों में डिजीटल क्लासरूम, एयर कंडीशनर, प्रोजेक्टर, फर्नीचर, वाई-फाई एवं अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इस कार्य पर करीब एक करोड़ रुपए का खर्च आएगा। सभी स्कूलों को उनकी जरूरत के अनुसार राशि का आवंटन कर आगामी 15 अक्टूबर तक यह कार्य पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने अजमेर को स्मार्ट सिटी के रूप में चुना है। इस योजना के तहत अजमेर में अरबों रुपए खर्च कर शहर को स्मार्ट बनाने के लिए काम किया जाएगा। ऐसे में यह जरूरी है कि हमारे स्कूल भी स्मार्ट हों। राज्य सरकार ने इस दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए यह फैसला किया है कि शहर के स्कूलों में डिजीटल क्लासरूम तैयार किए जाएं।
हर दो साल में समीक्षा करेगी सरकार
शिक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि स्मार्ट सिटी के सभी शिक्षक और स्कूल भी स्मार्ट बनें। इसके लिए जरूरी है कि शहर के स्कूलों में भी नामांकन बढ़े। सरकार स्टाफिंग पेटर्न की हर दो साल में समीक्षा करेगी। इस समीक्षा के आधार पर ही स्कूलों से संबंधित निर्णय लिए जाएंगे।