अमर सिंह को बनाया गया सपा का राष्ट्रीय महासचिव

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 20 सितम्बर 2016, 5:52 PM (IST)

लखनऊ: अमर सिंह को समाजवादी पार्टी (सपा) का राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। उन्हें यह पद समाजवादी पार्टी के प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने दिया है। 60 साल के अमर सिंह का जन्म आजमगढ़ में हुआ था। वह राजपूत समाज से आते हैं। हाल के दिनों में समाजवादी पार्टी में बड़ी उठा-पटक का दौर चल रहा है।

यूपी के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और उनके चाचा शिवपाल यादव के बीच झगड़ा चल रहा था। अखिलेश यादव ने उस झगड़े को पारिवारिक ना होकर राजनीतिक बताया था। दोनों के बीच की यह लड़ाई बाहुबली मुख्तार अली अंसारी की पार्टी कौमी एकता दल के समाजवादी पार्टी में विलय के बाद शुरू हुई थी। काफी खींचतान के बाद विलय तो नहीं हुआ लेकिन झगड़ा बढ़ता गया।

नौबत यहां तक आ गई थी कि जब मुलायम सिंह यादव ने अखिलेश की जगह शिवापल यादव को प्रदेश अध्यक्ष बनाया तो इसके रिएक्शन में अखिलेश ने शिवपाल से लोक निर्माण, राजस्व तथा सहकारिता जैसे महत्वपूर्ण विभाग वापस ले लिए थे।

उसके बाद शिवपाल ने गुरुवार की रात को मंत्री पद के साथ-साथ सपा के प्रदेश अध्यक्ष के पद से इस्तीफा दे दिया था। हालांकि, बाद में शिवापल यादव को उनके विभाग फिर से सौंप दिए गए थे।