CBSE की गाइडलाइन, बीमारी के कारण परीक्षा छूटने पर बच्चे दोबारा दे सकेंगे एग्ज़ाम

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 20 सितम्बर 2016, 3:47 PM (IST)

मेरठ। शहर में बुखार का कहर बढ़ता जा रहा है। स्कूली बच्चे भी इसकी चपेट में आ गए हैं। हर पब्लिक स्कूल के 45 से 50 प्रतिशत बच्चे बीमार हैं। शास्त्रीनगर, जागृति विहार से लेकर बागपत रोड, दिल्ली रोड, कैंट, बाईपास और गंगानगर स्थित सभी विद्यालयों के बच्चे वायरल, चिकनगुनिया और डेंगू से जूझ रहे हैं। बच्चे परीक्षा भी नहीं दे पा रहे हैं।

पिछले एक महीने से बुखार का कहर जारी है। पहले जागृति विहार और शास्त्रीनगर में इसका असर अधिक था, लेकिन अब पूरा शहर बुखार से तप रहा है। हर घर में एक न एक सदस्य बीमार है। कहीं-कहीं तो पूरा परिवार ही बुखार की चपेट में है।

इस समय पब्लिक स्कूलों में समेटिव असेसमेंट यानि एसए वन की परीक्षाएं चल रही हैं। लेकिन बीमारी के कारण बच्चे परीक्षा नहीं दे पा रहे हैं। शहर के अधिकांश स्कूल आधे खाली हैं। पेपर छूटने के कारण अभिभावक और छात्र परेशान हैं। लेकिन सीबीएसई की गाइडलाइन के मुताबिक अगर छात्र की बीमारी के कारण परीक्षा छूटती है तो स्कूल को दोबारा से करानी होगी। मार्च के बाद पेपर दोबारा होंगे। ये मार्क्स छात्र के फाइनल रिजल्ट में जोड़े जाएंगे।

बोर्ड की ओर से पेपर के दो सेट आते हैं। सीबीएसई द्वारा दो सेट आने का विशेष उद्देश्य यही है कि अगर कोई छात्र किसी कारणवश या आकस्मिक परिस्थिति में पेपर नहीं दे पाता तो उसका पेपर बाद में दूसरा सेट देकर कराया जाए। सीबीएसई की यह गाइडलाइन है। एसए वन का जब रिजल्ट आता है तो उसके 10 दिनों में स्कूल पेपर करा सकते हैं।

तबियत ज्यादा खराब होने के कारण अगर बच्चा पेपर देने स्कूल नहीं जा पा रहा तो अभिभावक छुट्टी की एप्लीकेशन तुरंत स्कूल को दें। साथ ही डॉक्टर का पूरा प्रिस्क्रिप्शन, मेडिकल सर्टिफिकेट साथ रखें। स्कूल में डॉक्यूमेंट जरूर जमा कराएं। सीबीएसई की गाइडलाइन के मुताबिक अगर छात्र की बीमारी के कारण परीक्षा छूटती है तो स्कूल को दोबारा से परीक्षा करानी होगी