नई दिल्ली। दिल्ली में एक सिरफिरे युवक ने एक लडकी की सरेआम सडक पर निर्मम हत्या कर दी। हत्या इतनी क्रूरता से की गई कि देखने वाले लोग सहम गए। उसने युवती को 24 बार चाकू घोंपा। प्राप्तम जानकारी के अनुसार घटना दिल्ली के बुराडी इलाके की है। मृतका बुराडी के संत नगर की ही रहने वाली थी। मृतका एक स्कूल में पढाती थी। युवती की हत्या करने वाले व्यक्ति का नाम सुरेन्द्र है। सुरेन्द्र के तलाक का मामला कोर्ट में लंबित है।
सुरेन्द्र पिछले चार-पांच माह से युवती को परेशान कर रहा था। इस मामले में
एक बार युवती के परिजनों ने उसके खिलाफ छेडछाड का मामला भी दर्ज कराया
लेकिन बाद में दोनों परिवारों में समझौता कर लिया। मंगवार को लेबर चौक के
पास अचानक सुरेन्द्र ने युवती पर चाकू से हमला कर दिया। इससे पहले कि वहां
उपस्थित लोग कुछ समझ पाते युवक ने चाकू से युवती पर एक के बाद एक कई वार कर
डाले। जब युवती लहूलुहान होकर सडक पर गिर पडी तब भी उसका मन नहीं भरा।
सुरेन्द्र ने नीचे बैठकर युवती पर फिर चाकू से कई वार किए। इतना ही नहीं उसने युवती की आंखे निकालने की कोशिश भी की। इस पर लोगों ने सुरेन्द्र को पकड लिया और उसकी जमकर धुनाई की और बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया। घायल युवती को फौरन आईएसबीटी ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने युवती को मृत घोषित कर दिया। हत्या की वारदात वहां लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।