पिंक ऑटो परमिट के शर्तों का खुलेआम उल्लंघन, प्रवर्तन अधिकारी नहीं ले रहे सुध

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 20 सितम्बर 2016, 2:29 PM (IST)

नोएडा। पिंक ऑटो परमिट के शर्तों का खुलेआम उल्लंघन कर रही है। ऑटो में महिला की जगह अन्य सवारियों को बैठाया जा रहा है। परिवहन विभाग के अधिकारी भी इस पर कार्रवाई करने की बजाए आंख मूंद कर बैठे हुए हैं। परिवहन विभाग की ओर से महिलाओं की सुरक्षा के लिए पिंक आटो परमिट की योजना को लागू किया गया है।

जिला प्रशासन के निर्देश पर इस योजना के तहत सेक्टर-33 परिवहन कार्यालय में 52 ऑटो को परमिट के लिए रजिस्ट्रेशन का आवेदन हो चुका है। कुछ ऑटो को ग़ाज़ियाबाद स्थित संभागीय परिवहन कार्यालय की ओर से परमिट भी जारी किया गया है। हालांकि ऑटो की संख्या कम होने की वजह से अभी ज्यादातर रूट पर संचालन नहीं हो सका है। जिन रूट पर इनका संचालन हो रहा है उन पर सिर्फ महिला सवारी को इसकी सुविधा नहीं मिल रही है। ऑटो चालक मनमानी कर सभी सवारियों को इसमें बिठा रहे हैं।

परमिट नियम: पिंक ऑटो में सिर्फ़ महिला सवारी को ही बैठाया जा सकता है। अगर महिला के साथ उसका को पुरुष रिश्तेदार (भाई या पिता) है, तो उसे ऑटो में साथ बैठने की इजाज़त है। इसके अलावा किसी भी प्रकार से अन्य पुरुष को पिंक ऑटो में बैठने की इजाज़त नहीं है।

वहीं ऑटो चालक से परमिट के शर्तों के बारे में पूछा गया तो, उन्होंने बताया मालिक से किराए पर ऑटो लिया है। पता नहीं था कि इसमें अन्य सवारी को नहीं बैठाया जा सकता है। आगे से इस प्रकार की ग़लती नहीं होगी। इस बाबत महिला सवारी से पूछा तो उन्होंने कहा, पिंक ऑटो में महिलाओं को बैठाया जाएगा। यह तो जानकारी थी, लेकिन यह नहीं पता था कि इसमें अन्य को नहीं बैठाया जा सकता है।

जब पिंक ऑटो परमिट के नियम के बारे में संभागिय परिवहन अधिकारी,ग़ाज़ियाबाद रेंज, मयंक ज्योती से पूछा गया तो उन्होंने बताया कि पिंक ऑटो में परमिट नियम बहुत सख्त है। इन शर्तो को पूरा करने वालों को ही परमिट जारी हुआ है। पिंक ऑटो में परमिट शर्त का उल्लघंन हो रहा है, तो प्रवर्तन अधिकारियों को परमिट तत्काल रद्द करना चाहिए। यह एक संगीन अपराध की श्रेणी में आता है।